राजस्थान

TPF भीलवाड़ा में बदलाव का आगाज, अजय नौलखा युग की शुरुआत, नई टीम ने संभाली कमान

Gulabi Jagat
5 Sept 2026 9:32 PM IST
TPF भीलवाड़ा में बदलाव का आगाज, अजय नौलखा युग की शुरुआत, नई टीम ने संभाली कमान
x
Bhilwara, भीलवाड़ा । प्रोफेशनल प्रतिभाओं की विशेषज्ञता को समाजसेवा से जोड़ने की दिशा में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम भीलवाड़ा ने नई कार्यकारिणी के साथ नई शुरुआत की। नवनियुक्त अध्यक्ष अजय नौलखा ने अपनी कार्यकारिणी के साथ तेरापंथ सभा भवन, नागौरी गार्डन में आयोजित समारोह में शपथ ली। कार्यक्रम मुनिश्री यशवंत कुमार एवं मुनिश्री मोक्ष कुमार के सानिध्य में हुआ। मुख्य अतिथि संस्था के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज ओस्तवाल तथा विशिष्ट अतिथि सेंट्रल जोन अध्यक्ष रेखा जैन रहे। मुनिश्री ने अपने उद्बोधन में गुणात्मक प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में गुणों का विशेष महत्व है। विशिष्ट गुणों का सकारात्मक उपयोग करने वाला व्यक्ति अपने कार्यों से अलग पहचान बनाता है और समाज पर अमिट छाप छोड़ता है। मुनिश्री ने बीरबल और गौतम स्वामी का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों ने अपनी विलक्षण प्रतिभा का गुणात्मक उपयोग कर जीवन में विशिष्ट स्थान बनाया। टीपीएफ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि संस्था में सीए, सीएस, अधिवक्ता, इंजीनियर सहित विभिन्न क्षेत्रों के दक्ष प्रोफेशनल्स हैं। यदि इनकी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग समाजहित में हो, तो व्यापक बदलाव संभव है।
मुख्य अतिथि पंकज ओस्तवाल ने बताया कि टीपीएफ अब 11 हजार से अधिक सदस्यों वाला संगठन बन चुका है। अब आवश्यकता सदस्यों को सक्रिय रूप से समाजहित के कार्यों से जोड़ने की है। विशिष्ट अतिथि रेखा जैन ने कहा कि संस्था अब 15 हजार सदस्यों के विजन की ओर बढ़ रही है और इस लक्ष्य में भीलवाड़ा ब्रांच मेवाड़ ही नहीं, बल्कि सेंट्रल जोन की महत्वपूर्ण इकाई है। अध्यक्ष अजय नौलखा ने समाज एवं संस्था के प्रति आभार जताते हुए अपने कार्यकाल का विजन सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता हर सदस्य तक दोबारा पहुंचकर उन्हें सक्रिय करना, समाज का कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सहयोग करना तथा उच्च शिक्षा के लिए एक्सपर्ट काउंसलिंग उपलब्ध कराना रहेगा। उन्होंने बताया कि समाज के लिए लीगल, टैक्सेशन और मेडिकल विषयों पर विशेषज्ञ परामर्श के लिए सेकंड ओपिनियन व्हाट्सऐप चैटबॉट को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अजय नौलखा ने अपनी टीम की घोषणा करते हुए उपाध्यक्ष प्रमोद पितलिया, आशीष राज सिंघवी एवं शशांक चंडालिया, मंत्री अंकित जैन, कोषाध्यक्ष अंकिता मारू, सह कोषाध्यक्ष शेफाली कोठारी, सहमंत्री स्वीटी नैनावटी, अंकिता कावड़िया एवं शुभम दक तथा पूर्व अध्यक्ष सपना कोठारी को जिम्मेदारी दी। कार्यक्रम का मंच संचालन अंकित जैन एवं नेहा ओस्तवाल ने किया।
Next Story