राजस्थान
राष्ट्रसेवा के साधक ए. बालकृष्णन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
Gulabi Jagat
2 Sept 2026 9:15 PM IST
x
भीलवाड़ा । राष्ट्र-निर्माण, मनुष्य-निर्माण और स्वामी विवेकानन्द के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए जीवन समर्पित करने वाले विवेकानन्द केन्द्र, कन्याकुमारी के वरिष्ठ कार्यकर्ता ए. बालकृष्णन के महाप्रयाण पर भीलवाड़ा शाखा की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा का शुभारंभ तीन ओंकार एवं प्रार्थना से हुआ। डॉ. डी.एन. व्यास ने बालकृष्णन जी का जीवन चरित्र एवं श्रद्धांजलि प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विवेकानन्द केन्द्र से उनके करीब पांच दशकों के आत्मीय एवं कर्मनिष्ठ जुड़ाव तथा राष्ट्रसेवा में योगदान को स्मरण किया। इसके बाद केन्द्र के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बिताए संस्मरण और उनसे प्राप्त शिक्षाओं को साझा किया। तत्पश्चात श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ किया गया तथा गीता के अमर संदेशों के बीच दिवंगत आत्मा को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में प्रान्त संचालक शकुंतला डाड, प्रांत प्रमुख भगवान सिंह चौहान, विधायक अशोक कोठारी, विभाग सह प्रमुख सत्यम शर्मा, युवा प्रमुख शैलेन्द्र केलानी, व्यवस्था प्रमुख मधु गुप्ता, सह नगर प्रमुख प्रतिमा गर्ग, दिव्या नरानिया, साधना जैन सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Next Story





