ब्रज की छटा, कान्हा की लीला और भक्ति का संगम, नौगांवा में जन्माष्टमी महोत्सव 4 को
भीलवाड़ा । भक्ति, आस्था और उल्लास के रंगों में रंगने को तैयार नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में इस बार जन्माष्टमी महोत्सव बेहद खास होने जा रहा है। जन-जन की आस्था के केंद्र श्री सांवरिया सेठ मंदिर, नौगांवा में 4 सितंबर शुक्रवार को आयोजित होने वाले भव्य महोत्सव में आयोजन समिति की ओर से मंदिर परिसर वृंदावन की अलौकिक छटा बिखेरेगा, जहां फूलों की महक, आकर्षक झांकियां, भजनों की स्वर लहरियां और मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का जीवंत दृश्य श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेगा। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए माधव गौशाला प्रांगण में मंदिर कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम संयोजक आलोक पलोड़ ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ प्रातः मंगला आरती, दुग्धाभिषेक, भगवान के अलौकिक श्रृंगार तथा विश्व शांति के लिए हवन-यज्ञ के साथ होगा। इस अवसर पर मंदिर के गर्भगृह को मोगरे के सुगंधित फूलों से विशेष रूप से सजाया जाएगा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण परिसर में लगाए जा रहे विशेष सजावटी फव्वारे रहेंगे, जिनकी अनूठी सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।
बच्चे करेंगे कुरुक्षेत्र शंखनाद और कृष्ण-अर्जुन संवाद का मंचन
जन्माष्टमी महोत्सव में किड्स कुडोज स्कूल के बच्चों द्वारा कुरुक्षेत्र शंखनाद एवं श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं आराध्य इवेंट के सौजन्य से बांके बिहारी, राधा रमण एवं गोविंद देवजी की नयनाभिराम झांकियां सजाई जाएंगी। दोपहर के समय गुंजन म्यूजिक रायला द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही माधव गौशाला में गो-परिक्रमा भी होगी। रात्रि 10.30 बजे भगवान का भव्य पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात मध्यरात्रि 12 बजे जीवंत कारागृह दृश्य के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष पीएम ई-बस सेवा
जन्माष्टमी महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पीएम ई-बस सेवा संचालित की जाएगी, जो विभिन्न स्थानों से सीधे नौगांवा तक पहुंचेगी। पुर से नौगांवा सुबह 6.30, 8.20, 10.10 बजे, दोपहर 12.12, 2.40, 3.30 बजे तथा शाम 6.30 बजे। गाडरमाला से नौगांवा सुबह 7.00 और 11.30 बजे तथा दोपहर 3.30 बजे। कारोई से नौगांवा सुबह 6.00 और 9.15 बजे, दोपहर 1.15 बजे तथा शाम 4.15 बजे। गंगापुर चौराहा से नौगांवा प्रत्येक एक घंटे के नियमित अंतराल पर बस सेवा उपलब्ध रहेगी। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है, वहीं सशुल्क शुद्ध फलाहारी भोजन की भी उत्तम व्यवस्था रहेगी। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने और सभी व्यवस्थाओं को सफल बनाने में सह-संयोजक सोहनलाल गहलोत एवं सुनील नवाल, कार्यकर्ता श्रवण सेन, कैलाश डाड और गिरराज काबरा सहित सभी मंदिर कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।





