सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा में 68.80% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से रविवार को आयोजित सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। प्रदेश के 14 जिलों में दो पारियों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 68.80 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा के लिए 41 हजार 768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 28 हजार 738 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 13 हजार 30 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से राज्य में सीनियर कंप्यूटर अनुदेशक के कुल 322 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें नॉन-टीएसपी क्षेत्र के 288 पद और टीएसपी क्षेत्र के 34 पद शामिल हैं। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 300 और संस्कृत शिक्षा विभाग के 22 पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा केंद्रों पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सख्त सुरक्षा इंतजाम किए थे। पहली और दूसरी पारी में परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कई अभ्यर्थी निर्धारित समय से काफी पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की गई। इसमें फोटो आईडी सत्यापन, फेस स्कैनिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया शामिल रही। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा में किसी भी तरह की नकल या अनुचित गतिविधि रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट ग्लासेस सहित किसी भी कम्युनिकेशन डिवाइस को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं थी।
इसके अलावा बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, स्टोल, आभूषण, मेटल और बड़े बटन वाले कपड़ों पर भी रोक लगाई गई थी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों ने नियमों का सख्ती से पालन कराया।
मेटा ग्लासेस और हाईटेक डिवाइस पर नजर
एक परीक्षा केंद्र की एडिशनल सेंटर सुपरिंटेंडेंट नेहा भट्ट ने बताया कि मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की गई। शिक्षकों की ओर से फोटो आईडी से अभ्यर्थियों का मिलान किया गया। जिन अभ्यर्थियों की पहचान में अंतर पाया गया, उनसे अंडरटेकिंग भी भरवाई गई।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कई तरह के हाईटेक डिवाइस उपलब्ध हैं, इसलिए परीक्षा केंद्रों पर मेटा ग्लासेस और ब्लूटूथ डिवाइस को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। किसी भी प्रकार के संचार उपकरण को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।
बोर्ड मुख्यालय से हुई लाइव मॉनिटरिंग
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड मुख्यालय में विशेष कमांड सेंटर बनाया गया था। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई।
इसके अलावा प्रत्येक जिले में भी अलग-अलग कमांड सेंटर स्थापित किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों और परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर नजर रखी जा सके।
सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन के बाद अब अभ्यर्थियों को परिणाम और आगे की चयन प्रक्रिया का इंतजार है। बोर्ड की ओर से तय प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।





