पंजाब

हरियाणा में फसल नुकसान के लिए 181 करोड़ रुपए जारी, एक क्लिक से किसानों के खातों में पहुंचा पैसा

mukeshwari
31 May 2023 1:23 PM GMT
हरियाणा में फसल नुकसान के लिए 181 करोड़ रुपए जारी, एक क्लिक से किसानों के खातों में पहुंचा पैसा
x

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गत मार्च और अप्रैल में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण रबी की फसल के नुकसान के लिए 181 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि बुधवार को जारी कर दी। एक क्लिक के जरिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल से सीधे 67,758 किसानों के खातों में मुआवजा राशि ट्रांसफर हो गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने फसल क्षति का विशेष सर्वेक्षण किया था। इसके अनुसार 18 जिलों में 2.09 लाख एकड़ में फसल की क्षति दर्ज की गई थी। गेहूं, सरसों और तोरिया फसलों के लिए 67,758 किसानों को 181 करोड़ रुपए की राशि क्षतिपूर्ति के रूप में जारी की जा रही है। संबंधित अधिकारी मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें समय पर मुआवजा दिया जा सके।

मनोहर लाल कहा कि वे दिन गए जब किसान अपना मुआवजा पाने के लिए वर्षों इंतजार करते थे। वर्तमान राज्य सरकार ने ई-गवर्नेंस की दिशा में बढ़ते हुए यह सुनिश्चित किया है कि किसानों को समय पर मुआवजा मिले। ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल फसल नुकसान के समय आवेदन, सत्यापन और मुआवजा प्रदान करने की प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

इस पोर्टल के माध्यम से मुआवजा राशि 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर उपलब्ध करवाए गए किसान के सत्यापित खाते में सीधे जमा करवाई जाती है। इसके लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के अलावा और कहीं भी पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में बारिश के कारण फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए प्रभावित गांवों का दौरा किया था। किसानों को मई के महीने में मुआवजे की राशि जारी करने का वादा किया था। यह पहली बार हुआ है कि किसानों को मुआवजा राशि सीधे उनके खातों में मिली है, जबकि पहले उपायुक्तों के माध्यम से यह राशि दी जाती थी।

उल्लेखनीय है कि मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रकृति के प्रकोप से किसानों के हितों की रक्षा के लिए समय समय पर कई कदम अहम उठाए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्त आयुक्त राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल भी मौजूद रहे।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story