पंजाब

पंजाब में अभी नहीं मिलेंगी ठंड से राहत, आज से बारिश के आसार, अधिकतम तापमान में सात डिग्री की गिरावट

Renuka Sahu
21 Jan 2022 3:10 AM GMT
पंजाब में अभी नहीं मिलेंगी ठंड से राहत, आज से बारिश के आसार, अधिकतम तापमान में सात डिग्री की गिरावट
x

फाइल फोटो 

10 दिन से शहरवासियों ने सूर्यदेव के दर्शन नहीं किए हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क।10 दिन से शहरवासियों ने सूर्यदेव के दर्शन नहीं किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, धूप के लिए लोगों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि 21 से 23 जनवरी तक बारिश के आसार हैं। 24 जनवरी से मौसम के खुलने की उम्मीद है। गुरुवार सुबह धुंध छाई रही और अधिकतम तापमान में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि 22 और 23 जनवरी को चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश के आसार हैं।
21 और 22 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। सुबह और शाम के समय पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा भी छा सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। गुरुवार को भी शहर में लोग सर्दी से ठिठुरते हुए नजर आए। ठंडी हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली हवा मैदानों में ठिठुरन बढ़ा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
रात को गहरी हुई धुंध, वायु गुणवत्ता सूचकांक 362 पर पहुंचा
गुरुवार रात शहर के कई इलाके धुंध की की चपेट में नजर आए। इसका असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर भी दिखाई दिया। रात 10 बजे सेक्टर-22 में एक्यूआई 362 पर पहुंच गया। इसके अलावा सेक्टर-25 में भी रात दस बजे एक्यूआई 215 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी धुंध छाई रहेगी। इसकी वजह से एक्यूआई में बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
Next Story