
x
Punjab पंजाब: पंजाब के मोगा में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मोगा के गांव दुन्नेके की नहर के पास एक टिप्पर हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गया। होशियारपुर से रेत लेकर आ रहा टिप्पर लटक रहे 66 केवी बिजली के तार के संपर्क में आ गया। बिजली का झटका लगने से टिप्पर के चालक की मौत हो गई। चालक जसविंदर सिंह निवासी गांव चानिया जिला होशियारपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी मोगा से एएसआई सुखविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया। मृतक के बेटे सज्जन सिंह ने बताया कि उसके पिता रविवार सुबह होशियारपुर से टिप्पर में रेत लेकर मोगा आए थे और जैसे ही टिप्पर सुबह करीब 7 बजे मोगा के गांव दुन्नेके के पास नहर के पास पहुंचा तो ऊपर से गुजर रही 66 केवी हाई वोल्टेज लाइन का तार वाहन को छू गया, जिससे पूरे वाहन में करंट फैल गया और पिता की मौके पर ही मौत हो गई। सज्जन सिंह ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर तार इतना नीचे न होता तो यह हादसा न होता।
उन्होंने न्याय की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7:00 बजे हुआ और प्राथमिक जांच में पता चला है कि बिजली की तार काफी नीचे थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया गया है। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





