
x
Punjab पंजाब: जिला पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक जेसीबी मशीन, रेत से भरे 6 ट्रैक्टर, 7 मोबाइल फोन और कारतूस सहित एक रिवाल्वर जब्त किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अजय गांधी ने बताया कि उनकी पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गांव कादरवाला निवासी गुरलाब सिंह और गांव दौलेवाला निवासी इकबाल सिंह उर्फ लाहौरिया रात के समय चोरी-छिपे बड़े पैमाने पर अवैध खनन का कारोबार करते हैं और आज भी वे अपने साथियों गुरजीत सिंह, सतनाम सिंह निवासी तलवंडी नौ बहार, लखविंदर सिंह उर्फ गोरा निवासी गांव दौलेवाला, हरजिंदर सिंह निवासी गांव फतेहगढ़ झुग्गियां, तरसेम सिंह निवासी गांव मस्तेवाला, जसप्रीत सिंह निवासी जीरा रोड कोटईसे खां के साथ मिलकर अपने ट्रैक्टर, ट्रॉली और जेसीबी मशीन लेकर गांव तलवंडी नौ बहार के पास स्थित जमीन से अवैध खनन कर रहे हैं, जिसका मालिक इकबाल सिंह उर्फ लाहौरिया है।
गोरा सिंह रेत से भरी ट्रालियों को रस्सी के सहारे बाहर निकाल रहा है और इस तरह से वे अवैध खनन कर रहे हैं। पुलिस पार्टी ने मौके पर छापा मारकर 8 लोगों को काबू किया। पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों और एक जेसीबी मशीन के अलावा एक रिवाल्वर 32 बोर, जिंदा कारतूस और 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ कोटइसे खां थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। चौकी इंचार्ज परविंदर सिंह ने बताया कि उक्त मामले में गुरलाभ सिंह और इकबाल सिंह उर्फ लाहौरिया की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों को पूछताछ के बाद माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।
Next Story





