पंजाब

Punjab: रिचार्ज के बहाने खाते से निकले 3.90 लाख रुपये

Sarita
29 April 2025 8:19 AM IST
Punjab: रिचार्ज के बहाने खाते से निकले 3.90 लाख रुपये
x
Punjabपंजाब: साइबर ठगों ने सेक्टर-40 निवासी ओम प्रकाश के खाते से 3 लाख 90 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने हॉटस्टार चैनल के रिचार्ज के लिए गूगल पर सर्च किया था और एक नंबर पर संपर्क किया था। जैसे ही उन्होंने रिचार्ज के लिए भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन किया तो गूगल पे के जरिए उनके खाते से बड़ी रकम निकल गई। मामले की शिकायत पर साइबर सेल ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उनके टीवी स्क्रीन पर हॉटस्टार चैनल के रिचार्ज के लिए 149 रुपये का मैसेज आया।
चैनल शुरू करने के प्रयास में उन्होंने गूगल पर हॉटस्टार का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। वहां मिले नंबर पर कॉल करने पर दूसरी तरफ से व्यक्ति ने उन्हें एक क्यूआर कोड भेजा और उसे स्कैन कर 149 रुपये का भुगतान करने को कहा। ओम प्रकाश ने जैसे ही क्यूआर कोड स्कैन किया तो गूगल पे के जरिए एक के बाद एक कई ट्रांजेक्शन में उनके खाते से कुल 3.90 लाख रुपये निकल गए। उन्होंने तुरंत अपने बैंक को फोन करके अपना अकाउंट फ्रीज करवाया और साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जालसाजों के बैंक अकाउंट और ट्रांजेक्शन डिटेल के जरिए उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, गूगल सर्च में दिख रहे मोबाइल नंबर और फर्जी कस्टमर केयर नंबर के सोर्स का भी पता लगाया जा रहा है।
Next Story