
Pahalgam terrorist attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पुलिस और सीमा सुरक्षा बलों को पठानकोट जिले के अलावा पाकिस्तान से जुड़ी भारतीय सीमा पर भी हाई अलर्ट पर रहने के आदेश दिए गए हैं। पठानकोट की सीमा को सील कर दिया गया है। राज्य के सभी प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अमृतसर के प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर, श्री हरिमंदिर साहिब और रामतीर्थ पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अमृतसर के बाजार में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कठुआ से बड़ी खबर आई है कि वहां कई संदिग्ध लोग देखे गए हैं।
जम्मू से सटा पठानकोट अब हाई अलर्ट पर है। यहां बड़ी संख्या में सेना के जवान तैनात हैं और सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पठानकोट में पुलिस ने जम्मू संभाग के कठुआ को जोड़ने वाले सभी वैकल्पिक मार्गों को भी सील कर दिया है। यहां देर रात से ही पुलिस ने विशेष नाकाबंदी कर दी है और जम्मू से आने वाले हर वाहन की तलाशी ली जा रही है।
पुलिस से जानकारी मिली है कि दो दिन पहले पठानकोट की सीमा से सटे जम्मू के कठुआ में संदिग्ध व्यक्ति देखे गए थे। आपको बता दें कि श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। अब यहां करीब 100 जवान तैनात हैं। इसके अलावा श्री हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा में पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 150 कर दी गई है और रामतीर्थ में सुरक्षा कर्मियों की संख्या 10 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है।





