पंजाब

Ludhiana : कार सवारों ने पुलिस पर की फायरिंग, SHO को कुचलने की कोशिश

Sarita
18 Jun 2025 6:14 AM IST
Ludhiana : कार सवारों ने पुलिस पर की फायरिंग, SHO को कुचलने की कोशिश
x
Ludhiana लुधियाना: शहर में कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान उन्हें रोका था। कार सवारों ने रुकने की बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने SHO को कुचलने की भी कोशिश की, इस दौरान पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में कार सवारों पर गोली चलाई, लेकिन आरोपी कार भगा ले गए। इसके बाद आरोपी कार को कुछ दूरी पर एक गली में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की कार जब्त कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एडीसीपी समीर वर्मा ने बताया कि डिवीजन नंबर-4 थाने के SHO इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह ने छावनी मोहल्ला के पास चेक पोस्ट लगाई हुई थी। चेक पोस्ट पर इंस्पेक्टर ने हरियाणा नंबर की हुंडई क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने रुकने की बजाय SHOको कुचलने की कोशिश की और बैरिकेड तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस को पीछे आता देख आरोपी कार सवारों ने तेजी से गाड़ी चलानी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने 3-4 वाहनों को टक्कर भी मारी। बहादुरके रोड पर पहुंचे तो पीछे से आ रही पुलिस टीम पर कार सवारों ने
फायरिंग
शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिस टीम पर 3 गोलियां चलाईं। पुलिस ने आरोपियों की कार पर एक गोली चलाई। इसके बाद आरोपी युवक कार को एक गली के अंदर ले गए। जहां उनकी कार एक घर से टकरा गई। इसके बाद आरोपी कार को वहीं छोड़कर पैदल ही भाग गए। जब ​​तक पुलिस पहुंची तो कार मौके पर खड़ी थी लेकिन आरोपी वहां नहीं थे।
पुलिस ने आसपास के इलाके में आरोपियों को ढूंढने की कोशिश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने कार की तलाशी ली लेकिन कार के अंदर कुछ नहीं मिला। पुलिस को शक है कि कार चोरी या लूट की हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
Next Story