पंजाब

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभाजन संग्रहालय का अवलोकन किया

Gulabi Jagat
26 Sept 2023 4:33 PM IST
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभाजन संग्रहालय का अवलोकन किया
x
अमृतसर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अमृतसर में भारत पाकिस्तान बंटवारे की दुःखद स्मृतियों के प्रतीक विभाजन संग्रहालय (पार्टीशन म्यूजियम) का अवलोकन किया।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि वर्ष 1947 में भारत के विभाजन से प्रभावित लोगों के दुःख और तकलीफ को शब्दों के माध्यम से व्यक्त करना अत्यन्त कठिन है। उन्होंने कहा कि ऐसी विनाशकारी स्मृतियों से उबरने के लिए राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया जाना आवश्यक है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संग्रहालय की स्थापना के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास युवा पीढ़ियों को सदैव आपस में मिलजुल कर रहने और अपनों के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने युवा पीढ़ी को इतिहास की समुचित जानकारी प्रदान करने पर भी बल दिया।
उन्होंने संग्रहालय में प्रदर्शित दस्तावेजों और वस्तुओं में गहरी रुचि दिखाई और सारगर्भित जानकारी प्राप्त की।
अमृतसर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में वर्ष 2017 में स्थापित यह विभाजन संग्रहालय विश्व का ऐसा प्रथम संग्रहालय है जहां विभाजन की विभीषिका को दर्शाते दस्तावेज सहेज कर रखे गए हैं।इस संग्रहालय की स्थापना द आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज न्यास द्वारा पंजाब विरासत एवं पर्यटन प्रोत्साहन बोर्ड (पंजाब हेरिटेज एंड टूरिज्म प्रमोशन बोर्ड) की सहायता से की गई है।मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
Next Story