
चंडीगढ़: पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती पंजाबी गायक एवं अभिनेता राजवीर जवंदा का बुधवार को निधन हो गया। वह 35 वर्ष के थे। राजवीर पिछले 11 दिनों से फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन थे।
जवंदा का 27 सितंबर को बाइक राइडिंग के वक्त बद्दी से शिमला जाते वक्त पिंजौर में एक्सीडेंट हो गया था। वहां से उन्हें अस्पताल लाते वक्त हार्ट अटैक भी आ गया था। इसके बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें लगातार वेंटिलेटर पर रखा गया था। जवंदा के पैतृक गांव पोना के सरपंच हरप्रीत सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने आज जवंदा को मृत घोषित कर दिया। निधन की खबर मिलते ही मोहाली पुलिस ने अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके करीबियों के मुताबिक उनकी पार्थिव देह को सीधे उनके पैतृक गांव लुधियाना में जगराओं के पौना ले जाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पंजाबी एक्टर गुरप्रीत घुग्गी ने उनके निधन को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है। पंजाबी एक्टर बीएन शर्मा ने कहा कि यह बहुत दुखद खबर है। सभी अरदास कर रहे थे कि वह ठीक हो जाएं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल पंजाबी गायक जवंदा से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। जवंदा कई पंजाबी फिल्मों तथा पंजाबी गीतों के माध्यम से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय थे।





