
x
Bathinda Crime: पंजाब के बठिंडा में एक पिता ने अपने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बठिंडा के चक रुलदू सिंह वाला गांव की है, जहां रविवार को पिता ने अपने बेटे अर्शप्रीत सिंह को गोली मार दी। आरोपी पिता सुखविंदर सिंह ने 12 बोर की बंदूक से अपने बेटे को गोली मार दी। मृतक अर्शप्रीत सिंह शादीशुदा था और बेटियों का पिता भी था। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना संगत पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, वहीं उसकी लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक अर्शप्रीत सिंह की पत्नी के अनुसार पिता और बेटे में बनती नहीं थी।
शनिवार रात और रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके चलते उसके पति अर्शप्रीत सिंह की हत्या कर दी गई। थाना संगत के एसएचओ पारस चाहल ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव चक रूलेडू सिंह वाला निवासी सुखविंदर सिंह ने अपने घर पर ही अपने बेटे अर्शप्रीत सिंह (34) को लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल अर्शप्रीत सिंह को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी के अनुसार हत्या का कारण घरेलू झगड़ा है। अर्शप्रीत सिंह और सुखविंदर सिंह दोनों ही किसान हैं। परिवार के पास करीब 22 एकड़ जमीन है, लेकिन पिता-पुत्र में बनती नहीं थी।
दोनों छोटी-छोटी बातों पर झगड़ते रहते थे। शनिवार रात को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, वहीं रविवार सुबह जब अर्शप्रीत सिंह अपने पिता से बात करने के लिए उनके घर गया तो वहां भी दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद पिता ने अपनी 12 बोर की बंदूक से अर्शप्रीत सिंह को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक अर्शप्रीत सिंह परिवार का इकलौता बेटा था। वह शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां हैं। थाना संगत के एसएचओ पारस चाहल ने बताया कि मृतक अर्शप्रीत सिंह की पत्नी हरपिंदर कौर के बयानों के आधार पर आरोपी पिता सुखविंदर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
Next Story





