पंजाब

Amritsar: देर रात फिर बजा सायरन, धमाकों की खबरों के बीच फिर हुआ ब्लैकआउट

Sarita
8 May 2025 6:20 AM IST
Amritsar: देर रात फिर बजा सायरन, धमाकों की खबरों के बीच फिर हुआ ब्लैकआउट
x
Amritsar अमृतसर: ऑपरेशन सिंदूर के बाद बुधवार देर रात पंजाब के अमृतसर में तीन धमाके सुने गए। इसके बाद शहर में ब्लैकआउट कर दिया गया। लोगों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई है। एयरपोर्ट को खाली करा लिया गया है। जालंधर और लुधियाना में भी ब्लैकआउट की सूचना है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धमाके रात 1:55 बजे सुने गए। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके कारणों की जांच की जा रही है। इसके बाद डिफेंस ड्रिल के तहत एक बार फिर शहर में ब्लैकआउट कर दिया गया। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमला किया।
इस दौरान गुरदासपुर के टिबड़ी छावनी से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव पंधेर के खेतों में रात को जोरदार धमाका सुनाई दिया। घटना की सूचना मिलने पर सुबह सेना के जवानों के अलावा पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया, जहां सेना और पुलिस ने खेतों में कुछ अवशेष एकत्र कर जांच शुरू कर दी। जिस जगह पर धमाका हुआ, उसके 100 फीट के दायरे में तीन-चार कैंप बने हुए हैं। इन कैंपों में रहने वाले लोगों ने धमाके के बाद खेतों में लगी आग पर काबू पाया। खेतों में गिरे बमनुमा वस्तु के अवशेष इसके बम होने की आशंका को जन्म दे रहे हैं, लेकिन सेना और पुलिस
फिलहाल
मामले की जांच करने की बात कर रही है।
यह भी कहा जा रहा है कि यह कोई अतिरिक्त ईंधन टैंक हो सकता है। लोगों का यह भी कहना है कि इस धमाके के बाद अचानक गुरदासपुर-मुकेरियां रोड पर एक ट्रक का टायर फट गया, जिससे जाम लग गया। इस कारण इस घटना को नजरअंदाज कर दिया गया, लेकिन बुधवार सुबह जब घटना स्थल के पास स्थित कैंपों के लोगों ने खेतों में जाकर देखा तो उन्हें बमनुमा वस्तु के अवशेष मिले। लोगों ने जांच शुरू की तो अवशेषों की संख्या 50 के करीब पहुंच गई, फिर पुलिस को सूचना दी गई।
Next Story