पंजाब

Amritsar: अवैध बार चलाने वालों पर आबकारी विभाग का शिकंजा

Sarita
17 Feb 2026 12:48 PM IST
Amritsar: अवैध बार चलाने वालों पर आबकारी विभाग का शिकंजा
x
Amritsar: आबकारी विभाग द्वारा नगर भर में बिना लाइसेंस अवैध बारें चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। एक्साइज विभाग के टारगेट पर इस समय एक दर्जन से अधिक ऐसे इलाके हैं, जहां पर अवैध तौर पर बारें चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में आबकारी विभाग इन दो नंबर में शराब पीने-पिलाने वालों पर तीखी नजर रखे हुए है। विभागीय सूत्रों से पता चला है कि आबकारी विभाग के सहायक कमिश्नर अमृतसर रेंज दिलबाग सिंह चीमा को सूचना मिल रही हैं कि अमृतसर के माल रोड, रणजीत एवेन्यू, 88 फुट रोड, बस स्टैंड,अल्फा मॉल के निकट, मजीठा रोड, सुल्तान विंड रोड, रामबाग, गेट हकीमा, अनगढ़, झब्बाल रोड, तरनतारन रोड आदि एक दर्जन से अधिक इलाकों में बड़ी संख्या में बिना लाइसेंस शराब अवैध तौर पर पिलाई जाती है। ए.ई.टी.सी. चीमा के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा अपने सूचना तंत्र तेज कर दिए गए हैं।
आबकारी विभाग द्वारा इंस्पेक्टर पंडित रमन शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, सुनील कंडा, जगदीप कौर व अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें गठित की जा रही हैं, जो बराबर उन ठिकानों पर निगरानी रख रहे हैं, जहां अवैध शराब पीने और पिलाने के अड्डे बने हुए हैं। आबकारी विभाग अवैध शराब की बारों पर कार्रवाई करने के अलावा ऐसे स्थानों पर भी अपनी निगरानी रख रहा है, जो लोग छोटे इलाकों में ढाबे, रेस्टोरेंट, मीट की दुकानों आदि पर अवैध शराब पिलाते हैं।
वर्तमान समय में अमृतसर में चल रही लाइसेंसी बारों पर इसलिए अधिक संकट आया हुआ है कि यहां पर कारों के अंदर शराब पीने का कल्चर पिछले सालों से बहुत अधिक बढ़ चुका है। इसमें शाम ढलने के बाद अच्छे नॉनवेज खाने बनाने वाले छोटे ढाबों के बाहर कारें खड़ी हो जाती हैं। यहां तक कि मटन की रेहड़ियां भी इनका प्रमुख ठिकाना होती हैं। इनके बाहर कारों में बैठकर उन्हें पूरी सर्विस सड़क पर ही वेटरों द्वारा मिल जाती है। जैसे ही किसी रेड की भनक मिलती है तो यह कार-स्टार्ट करके खाने पीने के सामान और शराब की बोतल सहित निकल जाते हैं।
उधर, आबकारी विभाग का यह भी तर्क रहा है कि इस प्रकार के लोगों को पकड़ना पुलिस का काम है, क्योंकि शहर में इनकी संख्या बहुत अधिक है। वहीं आम लोगों में धारणा है कि पुलिस की मर्जी के बगैर एक बूंद भी शराब अवैध तौर पर पिलाई नहीं जा सकती। वहीं वर्तमान समय में आबकारी विभाग ने इन लोगो से दो-दो हाथ करने का प्लान बना लिया है।
Next Story