ओडिशा के 17 ज़िलों के लिए येलो वॉर्निंग जारी, 9 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना

Bhubaneswar, भुवनेश्वर: ओडिशा में आने वाले दिनों में और बारिश होने की संभावना है क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों के लिए बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी (येलो वॉर्निंग) जारी की है। इनमें से 8 जिलों में भारी बारिश की उम्मीद है।
IMD के अनुसार, 6 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 6 और 7 अगस्त को पूरे राज्य के लिए आंधी और बारिश की येलो वॉर्निंग जारी की गई है। 6 अगस्त को 12 जिलों और 7 अगस्त को 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। सक्रिय मानसून के कारण 3 से 8 अगस्त के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है।
अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए स्पेशल रिलीफ कमिश्नर (SRC) ने सभी जिला कलेक्टरों और विभागों को अलर्ट कर दिया है। IMD ने 7 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) बनने का भी अनुमान लगाया है, जिससे 8 और 9 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को सुंदरगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, कंधमाल, नबरंगपुर, रायगढ़ा और कोरापुट में भारी बारिश की संभावना है। 5 से 8 अगस्त के बीच उत्तरी और दक्षिणी ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश होने की उम्मीद है।





