ओडिशा के कटक में महिला के साथ गैंगरेप, छह लोगों को हिरासत में लिया गया

कटक: बुधवार देर रात निश्चिंतकोइली पुलिस स्टेशन इलाके में एक युवती के साथ हुए गैंगरेप के मामले में कटक ग्रामीण पुलिस ने पांच संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल टेस्ट भी कराया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपने एक पुरुष दोस्त के साथ कार से जा रही थी, तभी ओडिशा के कटक जिले में कटक-चांदबली रोड पर सुकरपाड़ा पोस्ट ऑफिस के पास कम से कम छह लोगों के एक ग्रुप ने उनकी कार को रोका और कथित तौर पर महिला के साथ गैंगरेप किया।
बताया जा रहा है कि यह घटना तब हुई जब पीड़िता अपने पुरुष दोस्त के साथ भुवनेश्वर से केंद्रपाड़ा जा रही थी। पुलिस ने बताया कि सुबह 3 बजे से 3:30 बजे के बीच छह लोगों के एक ग्रुप ने उस कार को रोका जिसमें पीड़िता और उसका दोस्त सवार थे। छह आरोपियों ने कार का शीशा तोड़ा, पुरुष के साथ मारपीट की और फिर महिला को पास के एक सुनसान घर में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बुधवार सुबह पीड़िता निश्चिंतकोइली पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने BNSS की धारा 180 के तहत युवती और उसके पुरुष दोस्त के बयान दर्ज किए हैं। खबर है कि इस घटना में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक और एक टाटा AC गाड़ी ज़ब्त कर ली है।





