ओडिशा

राऊरकेला: आठ साल बाद भी नहीं बना मुंडा मार्केट में शेड

Gulabi Jagat
1 May 2022 5:36 PM IST
राऊरकेला: आठ साल बाद भी नहीं बना मुंडा मार्केट में शेड
x
सेक्टर-19 मुंडा मार्केट ताजी सब्जी के लिए जाना जाता है
राउरकेला : नगर के लोगों को ग्रामीण क्षेत्र की ताजी व हरी सब्जी मुहैया कराने के लिए राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी गौरी शंकर प्रसाद के प्रयास से आठ साल पहले सेक्टर-19 में मुंडा मार्केट बनाया गया था। यहां सब्जी लेकर आने वालों के लिए चबूतरे तो तैयार कर लिए गए पर उनके लिए अब तक शेड का निर्माण नहीं हुआ। गर्मी में चिलचिलाती धूप व बारिश में पालीथिन टांग कर सब्जी विक्रेता किसी तरह अपना कारोबार कर रहे हैं।
सेक्टर-19 मुंडा मार्केट ताजी सब्जी के लिए जाना जाता है। बिसरा, नुआगांव, कुआरमुंडा आदि क्षेत्रों के किसान सब्जी लेकर सुबह आते हैं एवं शाम तक बेच कर वापस जाते हैं। शुरुआत में यहां जमीन पर बैठ कर लोग सब्जी बेचते थे। 2014 में तत्कालीन आरएसपी सीईओ गौरीशंकर प्रसाद के प्रयास से यहां चबूतरा तैयार किया गया और इसका नामकरण इस्पात मार्केट किया गया। इस्पात शहर को सब्जी मुहैया कराने वाले किसानों की सुविधा के लिए यहां अब तक शेड तैयार नहीं किया गया। धूप तेज होने पर किसान व व्यापारी मार्केट की जगह छोड़ कर सेक्टर इलाके में पेड़ की छांव में बैठ कर सब्जी बेचने को विवश है। इस ओर आरएसपी प्रबंधन का भी ध्यान आकृष्ट किया जा रहा है पर काम नहीं हुआ है। आगामी बारिश से पहले इस दिशा में काम होने की लोगों को उम्मीद है।
Next Story