ओडिशा

जगन्नाथ मंदिर के अंदर की फोटो फिर हुई वायरल, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

Gulabi Jagat
8 Jun 2022 12:54 PM IST
जगन्नाथ मंदिर के अंदर की फोटो फिर हुई वायरल, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
x
जगन्नाथ मंदिर के अंदर की फोटो फिर हुई वायरल
भुवनेश्वर। पुरी जगन्नाथ धाम में होने वाली विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा से पहले पुरी जगन्नाथ मंदिर के अंदर का फोटो एक बार फिर इंटरनेट मीडिया में वायरल होने से जगन्नाथ भक्तों ने नाराजगी जाहिर करने के साथ ही श्रीमंदिर सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है। इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर संजय पाढ़ी शर्मा नामक एक भक्त ने जगन्नाथ मंदिर के अन्दर का फोटो उठाने के बाद पोस्ट किया है। यह फोटो बैकुंठ एवं नृसिंह मंदिर के पास का है। संजय ने यहीं से सेल्फी लेकर फोटो पोस्ट किया है। उनके साथ और एक व्यक्ति इस फोटो में खड़ा है।
पुरी जगन्नाथ मंदिर के अंदर को फोटो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद सवाल उठ रहा है कि जब जगन्नाथ मंदिर में के अन्दर मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं है तो फिर किस प्रकार से एक भक्त मंदिर के अन्दर मोबाइल लेकर गया। मंदिर के अंदर से सेल्फी ली और एक नहीं बल्कि चार फोटो क्लिक की और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब इस भक्त ने फोटो को अपने फेसबुक एकाउंट में पोस्ट किया है जो अब वायरल हो गया है।
भक्‍तों ने उठाया सवाल
पुरी जगन्नाथ मंदिर के अन्दर एवं बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होते हैं। प्रत्येक भक्तों की जांच की जाती है। कड़ी सुरक्षा के बावजूद कैसे एक भक्त मंदिर के अन्दर मोबाइल लेकर चला गया, उस पर भक्तों ने सवाल खड़ा किया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार श्रीमंदिर के अन्दर का फोटो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो चुका है।
1 जुलाई को होगी विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा
देव स्नान पूर्णिमा अर्थात स्नान यात्रा आगामी 14 जून को है एवं 1 जुलाई को विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा अनुष्ठित होने जा रही है। दो साल बाद भक्तों के समागम के बीच इस साल होने वाली रथयात्रा में भारी संख्या में भक्तों के समागम होने की उम्मीद की जा रही है। उसी हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने को लेकर बैठकों का दौर जारी है। ऐसे समय में जगन्नाथ मंदिर के अन्दर से फोटो उठाकर वायरल होने की घटना को भक्त आसानी से हजम नहीं कर पा रहे हैं।
Next Story