
x
Odisha ओडिशा: काठजोड़ी रिंग बांध के विस्तार के लिए नदी पर पुल के निर्माण कार्य के दौरान क्रेन गिरने से दो इंजीनियरों और एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। कटक में अरुणोदय नगर किले के दूसरी तरफ नहर के अंदर निर्माण कार्य चल रहा था। इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ने आरकेडी ब्रिज पर करीब 90 फीट लंबा स्लैब बिछाने के लिए दो क्रेन तैनात किए थे। स्लैब उठाते समय एक क्रेन का हाइड्रोलिक कनेक्शन टूट गया।हादसे के दौरान मौके पर काम कर रहे इंजीनियर सौम्य रंजन मल्लिक, इंजीनियर शिवशंकर पटनायक और सुपरवाइजर सुभाष चंद्र भक्त की मौके पर ही मौत हो गई।
सभी मृतकों की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। घटना में घायल हुए अरुण बारिक और शुल्का जेना को गंभीर हालत में कटक एससीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दुर्घटना की सूचना मिलने पर कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, मेयर सुभाष सिंह, विधायक सौविक बिस्वाल, विधायक सोफिया फिरदौस, विधायक प्रकाश सेठी कटक एससीबी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
मंत्री हरिचंदन ने घटना की जांच के लिए आवास एवं शहरी विकास विभाग के विशेष सचिव लक्ष्मीकांत पाढ़ी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इस समिति में मुख्य अभियंता और एडीएम शामिल रहेंगे। यह समिति 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। इस बीच, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
Next Story





