ओडिशा
ओड़िशा न्यूज: 2025 तक रहेगा प्रभावी, सर्वेश रिफैक्ट्रीज में त्रिपक्षीय वेतन समझौते पर हस्ताक्षर
Gulabi Jagat
14 Jun 2022 12:06 PM IST

x
ओड़िशा न्यूज
राउरकेला : राउरकेला संयुक्त श्रम आयुक्त कार्यालय परिसर में कुआरमुंडा स्थित सर्वेश रिफैक्ट्रीज के श्रमिकों के लिए त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किया गया। जिला संयुक्त श्रम आयुक्त के साथ सीटू संबद्ध सुंदरगढ़ इंडस्ट्रीयल मजदूर यूनियन व रिफैक्ट्रीज प्रबंधन के साथ 18 सूत्री मांगों पर चर्चा होने के बाद समझौता हुआ। संयंत्र में काम करने वाले विभिन्न वर्ग के श्रमिकों के लिए मासिक एक हजार रुपये बढ़ोत्तरी की गई है। इसके अलावा अन्य सुविधाएं मिलेंगी। यह समझौता तीन साल के लिए प्रभावी होगा। इसके अलावा वार्षिक इंक्रीमेंट के रूप में हर साल ग्रेड ए के लिए दो सौ रुपये, ग्रेड बी के लिए सौ रुपये एवं ग्रेड डी के लिए 90 रुपये बढ़ोत्तरी होगी। सभी श्रमिकों को दो जोड़ा पोशाक, सभी सुरक्षा उपकरण, राष्ट्रीय त्योहार पर अवकाश मिलेगा एवं काम करने पर दोगुना वेतन मिलेगा। प्रत्येक साल ठेकेदार के अधीन काम करने वालों को दक्षता के अनुसार संयंत्र में स्थायी श्रमिक के रूप में लिया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से घोषित प्रत्येक साल के वीडीए को श्रमिक वेतन के साथ अतिरिक्त जोड़ा जाएगा। इस समझौता में संयुक्त श्रम आयुक्त प्रमोद कुमार जेना, सीटू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विष्णु महंती, सुंदरगढ़ इंडस्ट्रीयल मजदूर यूनियन के महासचिव जहांगीर अली, उप महासचिव विमान माइती, सचिव ताजमुन नेहार, सचिव जजाति केसरी साहू, श्रमिक नेता सरोज वार्ला, भवानी साहू के साथ प्रबंधन की ओर से चेयरमैन अशोक अग्रवाल, निदेशक कौशल अग्रवाल, मैनेजर एचआर अनिल कुमार पाणीग्राही, प्लांट इंचार्ज दयानिधि राव, असिस्टेंट मैनेजर एचआर महेश कुमार ठाकुर ने हस्ताक्षर किया है। यह समझौता 30 अप्रैल 2025 तक लागू होगा। इससे संयंत्र के तीन सौ से अधिक श्रमिकों को लाभ मिलेगा।
Next Story





