ओडिशा
ओड़िशा न्यूज: पेंशन के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक हो रहे ठगी का शिकार
Gulabi Jagat
12 Jun 2022 5:07 PM IST

x
ओड़िशा न्यूज
राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले में सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन एवं बकाया राशि दिलाने के लिए दलाल सक्रिय हैं। इनके द्वारा विभिन्न बहाने सेवानिवृत्त शिक्षकों को ठगा जा रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी सुंदरगढ़ की ओर से निर्देशनामा जारी किया गया है। इसमें जिले के सभी सरकारी हाईस्कूल, अनुदान प्राप्त स्कूल के प्रधानाध्यापकों को ठगों के प्रति सावधान रहने तथा अनजान लोगों के झांसे में न आकर सीधे शिक्षा विभाग कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया है। राउरकेला तथा अन्य क्षेत्रों के शिक्षकों को पेंशन दिलाने के लिए दलाल फोन पर संपर्क कर रहे हैं एवं उनसे 20 से 50 हजार रुपये तक मांगा जा रहा है। इसकी शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की ओर से सतर्कता बढ़ाई गई है।जिले में पेंशन खाता एवं अन्य दस्तावेज बनाने के एवज में सेवानृवित्त शिक्षकों को ठगा जा रहा है। सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ साथ स्कूल के कर्मचारी भी इस गिरोह का शिकार हो रहे हैं। दलाल लोगों से फोन से संपर्क कर रहे हैं एवं कार्यालय का चक्कर काटने विभिन्न दस्तावेज बनाने में सहयोग करने शीघ्र व मन पसंद जगह पर तबादले के बहाने भी ठगी की जा रही है। दलालों के सक्रिय होने तथा तबादला व पेंशन चालू कराने को लेकर लोगों से पैसा वसूला जा रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा विभाग की ओर से निर्देशनामा जारी किया गया है। जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कर्मचारी तबादला, पेंशन एवं पदोन्नति के लिए तीसरे पक्ष से संपर्क करने के बजाय सीधे विभागीय कार्यालय का ध्यान आकृष्ट करने को कहा गया है। राउरकेला, हेमगिर, सुंदरगढ़, गुरुंडिया समेत अन्य क्षेत्रों में शिक्षा विभाग के कर्मियों व शिक्षकों के ठगी के शिकार होने की घटना सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से निर्देशनामा जारी किया गया है।
जिले में शिक्षकों की ठगी के मामले समाने आने के बाद विभाग की ओर से सभी स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। वर्तमान पेंशन प्रक्रिया को सहज एवं पारदर्शी बनाया गया है। लाभुक के आवेदन के बाद प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित समय में ही पेंशन चालू किया जा रहा है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति की सहायता लेने की जरूरत नहीं है। यदि सहायता के लिए किसी तरह का फोन काल आता है तो इसकी जानकारी शिक्षा विभाग कार्यालय को देनी चाहिए।
- अमूल्य प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी, सुंदरगढ़।
Next Story





