ओडिशा

ओड़िशा न्यूज: स्पंज का अवैध कारोबार, करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी

Gulabi Jagat
14 Jun 2022 6:10 AM GMT
ओड़िशा न्यूज: स्पंज का अवैध कारोबार, करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी
x
सुंदरगढ़ जिले के अधिकतर स्पंज संयंत्र मालिक प्रदूषण नियंत्रण विभाग के नियमों का उल्लंघन कर संयंत्र चला रहे
राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले के स्पंज संयंत्र मालिक बगैर बिल के अवैध तरीके से जिले के अलग अलग संयंत्रों में कच्चा माल के रूप में स्पंज भेज कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी कर रहे हैं। बणई के महाकाली स्पंज संयंत्र से स्पंज लेकर जा रहे ट्रक को पुलिस के द्वारा नरेन्द्र चौक में पकड़ा गया। इसके चालक को गिरफ्तार किया गया पर संयंत्र का मालिक फरार हो गया। पुलिस की जांच में कई खुलासे हुए हैं। संयंत्र के मालिक रितेश गाड़ोदिया, हर्ष गुप्ता, ट्रांसपोर्टर विकास बंसल, मैनेजर बृजमोहन का नाम इसमें शामिल है जिनकी तलाश की जा रही है।
सुंदरगढ़ जिले के अधिकतर स्पंज संयंत्र मालिक प्रदूषण नियंत्रण विभाग के नियमों का उल्लंघन कर संयंत्र चला रहे हैं। इससे आसपास के लोगों को प्रदूषित माहौल में रहना पड़ रहा है। इनके द्वारा अब बिना जीएसटी के दूसरे संयंत्रों में स्पंज आयरन भेजा जा रहा है। एक ट्रक पर 30 टन स्पंज आयरन लोड हो रहा है एवं 35 हजार प्रति टन के हिसाब से 10.5 लाख का माल होता है। एक ट्रक में 18 प्रतिशत के हिसाब से जीएसटी 1.89 लाख की चोरी हो रही है। हर दिन 40 से 50 ट्रक अवैध स्पंज वेदव्यास, राजगांगपुर, कलुंगा, लाठीकटा समेत अन्य स्थानों के स्टील मेल्टिंग शाप्स, इंडक्शन फर्नेस भेज कर रातों रात गलाया जा रहा है जिससे लोहा छड़, एंगल, लोहा चादर तैयार किया जा रहा है। ट्रकों के पकड़े जाने एवं इसका खुलासा होने के बाद जीएसटी विभाग की ओर से भी खोजबीन शुरू की गई है। बणई, लाठीकटा, कुआरमुंडा व कलुंगा क्षेत्र के 30 से अधिक स्पंज आयरण संयंत्रों से उत्पादित सामग्री फर्नेस उद्योग व रोलिंग मिल में भेजा रहा है। रातों रात उसे गलाकर विभिन्न आकार देकर बाहर भेज कर संयंत्र मालिक मालामाल हो रहे हैं।
Next Story