ओडिशा

ओड़िशा न्यूज: विश्व कप हाकी के बाद राउरकेला से नियमित उड़ान पर संदेह

Gulabi Jagat
21 Jun 2022 10:28 AM IST
ओड़िशा न्यूज: विश्व कप हाकी के बाद राउरकेला से नियमित उड़ान पर संदेह
x
ओड़िशा न्यूज
राउरकेला : राउरकेला हवाई अड्डा से नियमित उड़ान के संबंध में रघुनाथपाली के विधायक सुब्रत तरई ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से जानकारी मांगी थी। इसके अनुसार अक्टूबर नहीं बल्कि नवंबर महीने से राउरकेला से विमान सेवा शुरू होगी। सप्ताह भर पहले भुवनेश्वर में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी इस पर विस्तार से चर्चा हुई। विश्व कप हाकी के समय राउरकेला से विमान सेवा कायम रहेगी पर इसके बाद सेवा जारी रखने की संभावना कम है। राज्य सरकार एवं भारतीय इस्पात प्राधिकरण से राउरकेला हवाई अड्डा का स्वामित्व भारतीय विमान प्राधिकरण को नहीं मिल पाया है एवं इस पर सहमति भी नहीं दी गई है। देश के सभी 137 हवाई अड्डे विमान प्राधिकरण के अधीन हैं एवं विकास का काम प्राधिकरण के जरिए ही होता है। राउरकेला हवाई अड्डे का नवीकरण एवं आवश्यक सुविधा देने के लिए 17 करोड़ की मंजूरी दी गई है। संप्रसारण का काम किया जा रहा है।
राउरकेला हवाई अड्डा का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां से नियमित विमान सेवा शुरू होने की शहरवासियों को उम्मीद है। जनवरी 2023 में राउरकेला में निर्माणाधीन बिरसा मुंडा हाकी स्टेडियम में पुरुष विश्वकप खेला जाना है। अबतक की स्थिति से यह पता चल रहा है कि हवाई अड्डा का काम केवल विश्वकप हाकी के लिए ही किया जा रहा है। 6066 फीट लंबे रनवे का 623 फीट संप्रसारण किया रहा है। इसका काम होने से रनवे की लंबाई 6689 फीट हो जाएगी। इससे यहां से 70 सीट वाले एटीआर 72 एयरक्राफ्ट की उड़ान शुरू हो सकेगी। यहां बड़े विमान का उड़ान भरना या उतरना संभव नहीं होगा। इससे नियमित विमान सेवा शुरू होने को लेकर संदेह प्रकट किया जा रहा है। बड़े विमान ए230, ए 321 न्यू की उड़ान भरने के लिए रनवे की लंबाई 6826 फीट चाहिए जबकि ए 330 के लिए 9090 फीट, बोइंग 737-800 के लिए 7598 फीट, 737-900 आइआर के लिए 9800 फीट रनवे चाहिए। एएआइ के अधीन हवाई अड्डा को नहीं देने तक इसका सर्वांगीण विकास की उम्मीद लोगों को कम है। विश्वकप हाकी के मद्देनजर सात करोड़ की लागत पर रनवे, दो करोड़ की लागत पर चहारदीवारी, ढाई करोड़ की लागत पर कार पार्किंग, साढ़े पांच करोड़ की लागत पर टैक्सी वे तथा साढ़े चार करोड़ की लागत पर टर्मिनल बिल्डिंग आदि का निर्माण किया गया जा रहा है। नवंबर महीने तक इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अन्य सुविधा की व्यवस्था होगी। राउरकेला हवाईअड्डा से 2-सी लाइसेंस की मान्यता के लिए अक्टूबर अंत तक काम पूरा किया जाएगा। एलायंस एयर की ओर से एटीआर-72 की उड़ान के लिए अगस्त तक दो अतिरिक्त एंबुलेंस, जुलाई अंत तक अग्निशमन कर्मचारियों की नियुक्ति, जुलाई 15 तक एमईटी सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
Next Story