
x
ओड़िशा न्यूज
संबलपुर : मंगलवार की शाम 6 बजे, ब्रह्मपुर विजिलेंस की टीम ने गंजाम जिला में कार्यरत एक पुलिस एएसआइ मानस कुमार राउत को तीन हजार रुपये की रिश्वत वसूलते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की ओर से उसके दफ्तर और किराए के मकान की तलाशी शुरू की गई है।
विजिलेंस के सूत्र के अनुसार, एएसआई मानस कुमार राउत वर्तमान गंजाम जिला के खलिकोट थाना अंतर्गत वेजिपुट पुलिस चौकी में पदस्थ है। उसके खिलाफ सोमवार को एक शिकायतकर्ता ने तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगने की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। बताया कि उसके खिलाफ खलिकोट थाना में एक मामला दर्ज है। इस मामले में शिकायतकर्ता की सहायता करने के एवज में एएसआई राउत उससे तीन हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता की रिपोर्ट दर्ज कर विजिलेंस की ओर से योजना बनाकर शिकायतकर्ता को रासायनिक लेप लगे तीन हजार रुपये देकर मंगलवार की शाम एएसआइ राउत के पास भेजा गया। वेजिपुट पुलिस चौकी के बाहर पान की दुकान के पास जब एएसआइ राउत शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये की रिश्वत वसूल रहा था तभी घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे गवाहों की उपस्थिति में रासायनिक लेप लगे रिश्वत के रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया।
रिंकू मुंडा हत्याकांड में नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार : स्थानीय सदर थाना अंतर्गत कोलपाली गांव के निकट शनिवारकी रात रिंकू मुंडा नामक युवक की हत्या घटना में शामिल तीन आरोपितों को पुलिस ने सोमवार के दिन गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
गौरतलब है कि शनिवार की रात, सदर थाना अंतर्गत ठेमरा गांव के पुआलीबुरेई का 24 वर्षीय रिंकू मुंडा समेत उसी के गांव के हरिजनपाड़ा का 19 वर्षीय सुमन गड़तिया और 20 वर्षीय सुब्रत नायक समेत एक नाबालिग सिंदूरपंक गांव के तारकेश्वर बाबा की बारात में शामिल होने गए थे। आधी रात के समय वापस लौटते समय कोलपाली गांव के निकट किसी प्रेम प्रकरण को लेकर रिंकू का झगड़ा अपने साथियों के साथ हो गया। बताया गया है कि तब तीनों साथियों ने मिलकर रिंकू की निर्मम पिटाई करने के बाद चाकू घोंपकर फरार हो गए। इस बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जख्मी रिंकू को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक रिंकू के पिता की लिखित रिपोर्ट के बाद पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही थी और सोमवार के दिन इस हत्याकांड में शामिल सुमन और सुब्रत समेत एक नाबालिग को पकड़ा गया। नाबालिग को बाल सुधारगृह और अन्य दो को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
Next Story





