MV ओशन विनर हादसा, खाली लाइफबोट मिली, 22 क्रू सदस्य अभी भी लापता

भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में कार्गो जहाज MV ओशन विनर के डूबने के बाद चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में एक अहम जानकारी सामने आई है। सर्च टीम को उस जहाज की एक लाइफबोट मिली है, लेकिन उसके अंदर कोई क्रू मेंबर नहीं मिला।सर्च ऑपरेशन की तस्वीरों में नारंगी रंग की लाइफबोट समुद्र में तैरती हुई दिख रही है, जिसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त है। एक दूसरी तस्वीर में ICGS वरद के जवान लाइफबोट के पास जाते और उसकी जांच करते हुए दिखाई दे रहे हैं।यह खोज इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि MV ओशन विनर के 22 क्रू मेंबर अभी भी लापता हैं। घटना के समय जहाज पर 24 क्रू मेंबर सवार थे। दो क्रू मेंबर को पहले ही लाइफराफ्ट से बचा लिया गया था, जबकि बाकी 22 लोगों की तलाश जारी है।
इंडियन कोस्ट गार्ड लापता क्रू मेंबर का पता लगाने के लिए समुद्र में अपना सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखे हुए है। जिस इलाके में लाइफबोट मिली है, वहां भी लापता नाविकों के बारे में कोई सुराग पाने के लिए तलाशी ली जा रही है। लाइफबोट मिलने के बावजूद, लापता 22 क्रू मेंबर का पता लगाने में अब तक कोई सफलता नहीं मिली है और सर्च ऑपरेशन जारी है।





