
Odisha ओडिशा: ओडिशा में राज्य सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार को मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त रूप से विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और उद्घाटन किया।
द्रौपदी मुर्मू और नरेंद्र मोदी ने मिलकर कुल 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की 72 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं का दायरा ऊर्जा, परिवहन, औद्योगिक ढांचा ढांचा, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
कार्यक्रम में जिन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें 600 मेगावाट की अपर इंद्रावती पंप्ड स्टोरेज परियोजना, आईबी थर्मल पावर स्टेशन का दूसरा चरण (660 मेगावाट की दो इकाइयों सहित) और झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर में भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) परियोजना शामिल हैं।
इसके अलावा कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इनमें भुवनेश्वर में प्रतिदिन 300 टन क्षमता वाला म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट आधारित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट, कटक और भुवनेश्वर को जोड़ने वाला काठाजोड़ी नदी पर नया पुल, बौध जिले में ढालपुर-हरभंगा सड़क का चौड़ीकरण और नुआपाड़ा से घाटीपाड़ा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-353 के हिस्से का चार-लेन विस्तार शामिल है।
सिंचाई क्षेत्र में कुसुमडीही मेगालिफ्ट सिंचाई परियोजना को भी हरी झंडी दी गई, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं शिक्षा और कौशल विकास के तहत रायरंगपुर में इग्नू का क्षेत्रीय केंद्र और एक इनडोर बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स भी शुरू किया गया।
मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राज्य के विकास और आदिवासी क्षेत्र में आशा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, ऊर्जा उत्पादन और शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और इसे राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया गया।





