ओडिशा

ओडिशा में पहली बार हुई ऐसी बारिश, लोग बेहाल

Gulabi Jagat
5 July 2022 12:32 PM IST
ओडिशा में पहली बार हुई ऐसी बारिश, लोग बेहाल
x
ओडिशा न्यूज
राज्य में दक्षिण पश्चिम मानसूनी वायु सक्रिय होने के बाद पूरे प्रदेश में बारिश हो रही है। मानसूनी बारिश से एक तरफ जहां किसानों ने राहत की सांस ली है तो वहीं दूसरी तरफ राजधानी भुवनेश्वर के निचले इलाके में हुए जल जमाव के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक इस साल मानसून आने के बाद पहली बार इस तरह की बारिश हुई है। पिछले सालों की तरह इस साल भी राजधानी में बमीखाल एवं लक्ष्मी सागर इलाके का सबसे बुरा हाल रहा है। कई अपार्टमेंट का बेसमेंट पानी में डूब गया। नाला एवं सड़कें एकाकार हो गई। कुछ लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। ऐसे में घरों में रखी सामग्री भी पानी के साथ बहती देखी गई।
कृत्रिम नदी में तब्दील हुई सड़कें
वहीं इस्कान मंदिर के सामने भी हर साल की तरह इस साल भी समान स्थिति देखने को मिली है। चेन्नई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल जमाव हो जाने से वाहन रेंगते नजर आए। पानी अधिक होने से लोग सीआरपी चौक होते हुए जयदेव विहार की तरफ निकले। रसुलगड़ इलाके में भी समान स्थिति देखी गई है। एसप्लानेड माल के सामने घुटने पर जल जमाव हो जाने से स्थिति संगीन हो गई। एसप्लानेड माल के सामने का रास्ता मानों कृत्रिम नदी में तब्दील हो गया था।
युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश
बारिश थमने के बाद बीएमसी कमिश्नर विजय अमृता कुलांगे ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। बीएमसी आयुक्त ने कहा है कि निर्माणधीन ड्रेन कार्य जल्द से जल्द खत्म करने एवं उपजी समस्या का समाधान करने के लिए तकनीकी टीम एवं विभिन्न विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर युद्ध स्तर पर काम करने को निर्देश दिया गया है। कुछ इलाकों से जल निकासी के लिए पंपिंग सेट का भी प्रयोग किया गया।
यहां उल्लेखनीय है कि बारिश के कारण केवल निचले इलाके या निचले इलाके के रास्तों पर ही जल जमाव की स्थिति नहीं देखी गई है बल्कि फ्लाई ओवर ब्रीज पर भी घुटने भर पानी जम गया था। खंडगिरी से रसूलगड़ तक बने फ्लाई ओवर ब्रीज पर यह स्थिति देखी गई है। ऐसे में फ्लाई ओवर ब्रीज पर भी लोगों को वाहन चलाने में नाना प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़ा है। मेट्रो टावर के सामने फ्लाई ओवर ब्रीज पर भी समान स्थिति देखी गई। फ्लाईओवर ब्रीज से पानी निकलने के लिए पाइप लगाया गया है, मगर पाइप के मुहाने में बाली एवं कचरा जमा होने से यह स्थिति उपजने की बात कही जा रही है।
Next Story