ओडिशा

द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक से मांगा समर्थन

Gulabi Jagat
9 July 2022 9:17 PM IST
द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक से मांगा समर्थन
x
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का शुक्रवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में भव्य स्वागत किया गया। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने बीजद के सांसदों व विधायकों से मुर्मू की मुलाकात करवाई। नई दिल्ली से विशेष विमान से द्रौपदी मुर्मू भुवनेश्वर पहुंचीं। यहां से उन्हें अतिथि भवन ले जाया गया। इसके बाद वह विधानसभा सभा पहुंची, जहां पहले से ही उपस्थित बीजद सुप्रीमो तथा ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनका स्वागत किया।
नवीन पटनायक ने द्रौपदी मुर्मू को वोट देने के लिए सांसदों व विधायकों से की अपील
नवीन पटनायक की अध्यक्षता में विधानसभा सम्मेलन कक्ष में बीजद सांसद व विधायकों के साथ बैठक हुई। इसमें सभी विधायकों से द्रौपदी मुर्मू ने समर्थन मांगा। इसके साथ ही द्रौपदी मुर्मू ने नवीन पटनायक से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका समर्थन मागा है। द्रौपदी मुर्मू ने नवीन पटनायक को भाई कहकर संबोधित किया। द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैंनें नवीन को राखी बांधी थी। विदेश में रहने के बावजूद नवीन ने फोन कर मुझसे बात की थी।द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जब मैं ओडिशा सरकार में मंत्री थी, तब हमने साथ में कई काम किए थे। आगे अभी और बहुत काम करना बाकी है। मैं गांव की बेटी हूं। आपसे सहयोग की कामना करती हूं। मेरे गांव की अवस्था बदल जाएगी। राष्ट्रपति होने पर ओडिशा सुंदर तरीके से आगे बढ़ेगा। इस मौके पर नवीन पटनायक ने द्रौपदी मुर्मू को वोट देने के लिए सभी सांसदों व विधायकों से अपील की।
नवीन ने रखा राखी का मान, बहन के मांगने से पहले ही दिया उपहार
ओडिशा विधानसभा सम्मेलन कक्ष में बीजद विधायकों व सांसदों के साथ चर्चा करते समय द्रौपदी मुर्मू भाव विभोर हो गईं। सीएम नवीन पटनायक को भाई कहकर संबोधित करते हुए कहा कि मांगने से पहले ही भाई ने हमें राखी का उपहार दे दिया। यह जानकारी राजस्व व आपदा संचालन मंत्री प्रमिला मलिक ने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को द्रौपदी मुर्मू ने राखी बांधी। राखी बंधाई मांगने से पहले ही मुख्यमंत्री ने उन्हें उपहार दे दिया। भाई-बहन का संबंध और मजबूत हुआ है। बहन द्रौपदी के मन की बात जानकर भाई (मुख्यमंत्री नवीन पटनायक) ने उन्हें अपना समर्थन दिया है। द्रौपदी मुर्मू के लिए पूरा ओडिशा गर्वित है।
एयरपोर्ट पर द्रौपदी मुर्मू का हुआ भव्य स्वागत
बीजद विधायक अरुण साहू ने कहा कि विधानसभा में विधायकों व सांसदों के साथ चर्चा के समय मुर्मू भाव-विभोर हो गईं। मुख्यमंत्री को जगन्नाथ व खुद को सुभद्रा बताया। मुख्यमंत्री ने सभी से द्रौपदी मुर्मू को वोट देने के लिए आह्वान किया। एक भी वोट रद ना होने पाए इसके लिए ध्यान देने को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है। पूर्वाह्न 11 बजे द्रौपदी मुर्मू भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से उनका पारंपरिक नृत्य गीत के साथ स्वागत किया गया। मुर्मू को अपनी शुभकामना देने के लिए नेता मंत्री से लेकर आम लोगों का भारी हुजूम पहुंचा। राज्य सरकार के मंत्री से लेकर, विधायक, सांसद भाजपा के राज्य अध्यक्ष से लेकर सांसद विधायक हर किसी ने एयरपोर्ट पर द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत किया।
Next Story