ओडिशा में बाढ़ से 8 लाख लोग प्रभावित: हवाई सर्वेक्षण के बाद CM मोहन माझी का बयान

Bhubaneswar, भुवनेश्वर: मुख्यमंत्री मोहन माझी ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद बताया कि ओडिशा में 8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए 12 ब्लॉकों का हवाई सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि 2 लाख 69 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चल रहे हैं। प्रभावित जिलों में 17 ODRAF टीमें, 7 NDRF टीमें और 129 फायर सर्विस टीमें तैनात की गई हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पानी उतरने के 3 दिनों के भीतर नुकसान का आकलन करने वाली रिपोर्ट सौंपी जाए। तत्काल राहत कार्यों के लिए SDRF से 26 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ के बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में जलस्तर घटने लगा है और अगले 2 दिनों में स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।





