
कोहिमा: नगालैंड सरकार ने राज्य में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने और घरेलू बिजली संकट से निपटने के उद्देश्य से एक नई राज्य-स्तरीय रूफटॉप सोलर योजना की शुरुआत की है। यह योजना केंद्र सरकार की ‘सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत बनाई गई है और नगालैंड सोलर मिशन का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री डॉ. नीफियू रियो ने इस योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह मिशन पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटाकर स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की ओर बढ़ने का रणनीतिक कदम है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 3 किलोवॉट तक की सोलर पैनल स्थापना पर केंद्र की सब्सिडी के अलावा ₹50,000 तक की अतिरिक्त सहायता देगी। यह सहायता बजटीय प्रावधानों के माध्यम से दी जाएगी।
ऊर्जा मंत्री के. जी. केनये ने कहा कि यह योजना घरों के लिए सोलर ऊर्जा को सस्ता और सुलभ बनाएगी तथा राज्य के बिजली घाटे को कम करने में मदद करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल नगालैंड के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देगी।





