महाराष्ट्र

मुंबई में कोरोना की तीसरी लहर, हर तीसरा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव, दूसरी लहर के पीक को पार कर गए नए केस

Renuka Sahu
7 Jan 2022 5:18 AM GMT
मुंबई में कोरोना की तीसरी लहर, हर तीसरा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव, दूसरी लहर के पीक को पार कर गए नए केस
x

फाइल फोटो 

कोरोना की तीसरी लहर का कहर मुंबई पर तेज हो गया है। गुरुवार को शहर में 20 हजार के करीब नए केस मिले हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना की तीसरी लहर का कहर मुंबई पर तेज हो गया है। गुरुवार को शहर में 20 हजार के करीब नए केस मिले हैं। अभी तीसरी लहर का पीक आना बाकी बताया जा रहा है और उससे पहले यह हालत चिंताएं बढ़ाने वाली है। 20,181 नए केस पाए गए हैं, जो डेल्टा वैरिएंट के चलते आई दूसरी लहर के पीक में मिले 11,206 केसों के मुकाबले 75 फीसदी ज्यादा हैं। यही नहीं मुंबई का डेली पॉजिटिविटी रेट भी तेजी से बढ़ते हुए 30 फीसदी हो गया है। इसका अर्थ यह हुआ कि मुंबई में जिन लोगों की कोरोना टेस्टिंग की जा रही है, उनमें से हर तीसरा शख्स पॉजिटिव मिल रहा है।

मुंबई में कोरोना केसों में आई तेजी के चलते महाराष्ट्र में आंकड़ा बहुत बढ़ गया है। राज्य में कोरोना के केसों का कुल आंकड़ा 36,265 हो गया है, जो बीते 8 महीनों का उच्चतम स्तर है। इससे पहले 14 मई को राज्य में 39,923 केस थे। इस तरह से देखें तो महाराष्ट्र अब कोरोना की दूसरी लहर के पीक को पार करने की ओर है। चिंता की बात यह है कि एशिया के सबसे बड़े स्लम एरिया कहे जाने वाले धारावी में भी कोरोना का विस्फोट हो रहा है। गुरुवार को धारावी में एक ही दिन में 107 नए केस पाए गए हैं। कोरोना की शुरुआत के दौर से अब तक धारावी में एक दिन में मिले केसों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।
महाराष्ट्र में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे आंकड़े डराने वाले हैं, लेकिन राहत की बात यही है कि अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या अब भी कम है। यही वजह है कि सरकार बहुत ज्यादा पाबंदियां लगाने पर विचार नहीं कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, 'लोकल ट्रेनों को बंद करने पर फिलहाल कोई विचार नहीं चल रहा है। इसके अलावा एक से दूसरे जिले में जाने को लेकर भी कोई पाबंदी लगाने पर विचार नहीं चल रहा है।' हालांकि मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा था कि यदि शहर में 20 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस मिलते हैं तो फिर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
आइए आंकड़ों से समझते हैं, मुंबई में कोरोना से क्या हैं हालात-
1. मुंबई में गुरुवार को 20,181 नए केस मिले हैं। इनमें से 17,154 मरीजों में कोई लक्षण नहीं पाया गया है।
2. फिलहाल हर 70 दिन में मुंबई में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे हैं। लेकिन जिस स्पीड से अब केस बढ़ रहे हैं, उसमें यह आंकड़ा पीछे छूट सकता है।
3. मुंबई में फिलहाल 32 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। अब तक 502 बेड पर मरीज भर्ती हैं।
4. अब तक शहर में ओमिक्रॉन के 57 मामले पाए गए हैं।
5. मुंबई में फिलहाल कोरोना से पीड़ित 106 लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
Next Story