- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडकरी के रिटायरमेंट की...
गडकरी के रिटायरमेंट की खबरें निकलीं फर्जी, केंद्रीय मंत्री ने मीडिया को दिया जवाब

नागपुर : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से संन्यास लेने की खबरों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पिछले बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया, जिसके बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें शुरू हो गईं। गडकरी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जब भी वह युवाओं को आगे लाने और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की बात करते हैं, तब मीडिया में उनके राजनीति छोड़ने की खबरें चलने लगती हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ''आप अपना काम करते रहिए और मैं अपना काम करता रहूंगा।'' नितिन गडकरी ने यह बात रविवार को नागपुर में 17वीं एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी की घोषणा के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने अपनी राजनीतिक सेवानिवृत्ति को लेकर चल रही खबरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया है। उनका उद्देश्य राजनीति से दूरी बनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने के लिए प्रोत्साहित करना है।





