छत्तीसगढ़

घर बैठे मिला ऑनलाइन टोकन से खुश, 62 क्विंटल उपज लेकर केंद्र पहुंचे किसान

Shubhra Nandy
16 Nov 2026 6:29 AM IST
घर बैठे मिला ऑनलाइन टोकन से खुश, 62 क्विंटल उपज लेकर केंद्र पहुंचे किसान
x
CM विष्णुदेव साय को कहा धन्यवाद
रायपुर : छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होते ही किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं और डिजिटल सुविधाओं का असर खरीदी केंद्रों पर दिखाई देने लगा है। डिजिटल टोकन, व्यवस्थित तौल और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता से किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है। इसी व्यवस्था से संतुष्ट एमसीबी जिले के ग्राम साल्ही निवासी किसान बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। बहादुर सिंह अपनी 62 क्विंटल धान की उपज लेकर चौनपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां उपलब्ध सुविधाओं और सुव्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया को देखकर उन्होंने शासन की किसान हितैषी पहल की सराहना की। किसान के मुताबिक इस वर्ष धान विक्रय की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हुई है। खासकर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से उन्हें काफी राहत मिली है।
घर बैठे मिला टोकन, लंबी कतारों से बचा समय
किसान बहादुर सिंह ने बताया कि इस साल धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने घर बैठे ही 'टोकन तुंहर' मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना टोकन प्राप्त कर लिया। इसके चलते उन्हें टोकन के लिए उपार्जन केंद्र के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े और न ही लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत पड़ी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधा के कारण उनके समय और श्रम दोनों की बचत हुई है। ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था ने धान विक्रय की प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल बना दिया है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने की तैयारी करने में भी सहूलियत मिल रही है।
चौनपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं
बहादुर सिंह ने बताया कि चौनपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां धान की तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा और माप उपकरण उपलब्ध हैं। इसके अलावा पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था होने से धान खरीदी में किसी तरह की बाधा नहीं आ रही है। केंद्र में किसानों के बैठने के लिए जगह और शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि खरीदी की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं हो रही है। इन सुविधाओं से किसानों का भरोसा बढ़ा है और वे सहजता से अपनी फसल का विक्रय कर पा रहे हैं।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी को बताया राहत
किसान बहादुर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को उनकी मेहनत और उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि धान बेचने से मिलने वाली राशि परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही खेती-किसानी को आगे बढ़ाने में भी मददगार होती है। किसान ने डिजिटल टोकन सुविधा, खरीदी केंद्र में बेहतर व्यवस्थाओं और किसान हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। बहादुर सिंह के अनुसार किसानों की सुविधा और हितों को प्राथमिकता देते हुए की जा रही व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। डिजिटल टोकन से लेकर उपार्जन केंद्र में तौल, बारदाने और अन्य सुविधाओं तक की व्यवस्था से धान विक्रय की प्रक्रिया आसान हुई है।
Next Story