महाराष्ट्र

Nagpur crime: संपत्ति विवाद को लेकर चाचा ने भतीजे पर चलाईं गोलियां

Sarita
25 Dec 2025 11:03 AM IST
Nagpur crime: संपत्ति विवाद को लेकर चाचा ने भतीजे पर चलाईं  गोलियां
x
Nagpur crime: हिंगना थानांतर्गत गुमगांव परिसर में बुधवार को सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई। संपत्ति को लेकर चाचा-भतीजों में पहले से रंजिश चल रही थी। उस पर वाहन पार्क करने को लेकर विवाद हो गया। गुस्से से बौखलाए चाचा ने भतीजे और उसके दोस्त पर गोली दाग दी। इसके साथ ही दोनों गुटों में मारपीट भी हुई। वारदात में कुल 5 लोग बुरी तरह जख्मी हुए।
हिंगना पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। जख्मियों में प्रवीण चंद्रकांत देवतले (42), विजय शंकर मनावर (35), नाना जगन्नाथ देवतले (87), सुरेश उर्फ गज्जू नाना देवतले (50) और नितिन चंद्रकांत देवतले (45) का समावेश है। प्रवीण और विजय के पेट में गोली लगी है। वहीं डंडे और पावड़े से हुए हमले में अन्य 3 जख्मी हुए। गुमगांव परिसर में देवतले परिवार पुश्तैनी खेती करता रहा है।
नाना देवतले के 3 भाई हैं। सभी अपने परिवार के साथ अलग हो गए हैं और बंटवारा होने के बाद पहले जैसी स्थिति नहीं रही लेकिन मकान सभी के आजू-बाजू में बने हुए हैं। प्रवीण के पिता चंद्रकांत और नाना के बीच पहले से ही विवाद था। उनके बाद बेटों का विवाद शुरू हो गया। प्रवीण और उनकी पत्नी चंद्रपुर में नौकरी करते हैं। बड़े भाई नितिन प्राध्यापक हैं और परिवार के साथ नागपुर में रहते हैं।बुधवार को सुबह प्रवीण अपने घर के सामने पौधों के गमलों में मिट्टी डाल रहे थे। इसी दौरान नाना ने वहां आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों के बीच काफी देर तक शाब्दिक झड़प चलती रही।
इसी दौरान नाना अपने घर से 12 बोर की राइफल ले आए। दनादन राइफल से 2 गोली फायर कर दी। एक गोली प्रवीण और दूसरी विजय के पेट में लगी। गोली लगते ही प्रवीण और विजय जमीन पर गिर गए। नितिन, नाना और गज्जू के बीच भी जमकर संघर्ष हुआ। नितिन ने पावड़े से सिर पर वार कर नाना को बुरी तरह जख्मी कर दिया।ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बूटीबोरी का माया अस्पताल देवतले परिवार के रिश्तेदार का है। तत्काल प्रवीण और विजय को वहां ले जाया गया। दोनों का ऑपरेशन कर कुछ छर्रे निकाले गए और कुछ निकालने थे। विजय की हालत चिंताजनक बताई गई।
पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सभी आरोपी जख्मी हैं और उपचार जारी होने के कारण फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। जिस राइफल से नाना ने फायरिंग की है वह पुश्तैनी है। पिता के बाद नाना ने लाइसेंस अपने नाम पर करवा लिया था। पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया।
Next Story