- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Mumbai: जन सुरक्षा...

मुंबई: इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने बुधवार को जन सुरक्षा अधिनियम को लेकर महायुति सरकार के खिलाप राज्यव्यापी आंदोलन किया। उन्होंने इसे दमनकारी कानून बताते हुए निरस्त करने की मांग की।
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने महायुति सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। गठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया कि शहरी नक्सलवाद को खत्म करने की आड़ में राज्य सरकार द्वारा लाया गया जन सुरक्षा अधिनियम एक असंवैधानिक कानून है जो आम लोगों की आवाज को दबाता है। कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार), शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), माकपा, शेकाप सहित समान विचारधारा वाले दलों और सामाजिक संगठनों ने इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। महाविकास आघाडी और वामपंथी दलों की ओर से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, कम्युनिस्ट नेता प्रकाश रेड्डी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन भोसले, राजेश शर्मा, धनंजय शिंदे सहित इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के नेतृत्व में कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन किया गया। नागपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा वेरिएंट चौक स्थित गांधी प्रतिमा के पास अध्यक्ष ए. विकास ठाकरे के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अभिजीत वंजारी और विशाल मुत्तेमवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। छत्रपति संभाजी नगर शहर व जिला कांग्रेस कमेटी और महाविकास आघाड़ी की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन में सांसद कल्याण काले, जिला अध्यक्ष किरण पाटिल, शहर जिला कमेटी अध्यक्ष शेख यूसुफ और इंडिया गठबंधन के नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसी तरह राज्य के कई जिला व तहसील मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया गया।





