महाराष्ट्र

Mumbai: अत्याधुनिक आईटीआई को लेकर महापौर की पहल, 64.5 करोड़ की निधि मांगी

Admindelhi1
4 Sept 2026 10:41 AM IST
Mumbai: अत्याधुनिक आईटीआई को लेकर महापौर की पहल, 64.5 करोड़ की निधि मांगी
x
64.5 करोड़ की निधि से विरार में बनेगा अत्याधुनिक आईटीआई, महापौर ने की मांग

मुंबई: पालघर के प्रस्तावित वाढवण बंदरगाह और भविष्य में विकसित होने वाले औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के बढ़ते अवसरों को देखते हुए, वसई-विरार के युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू हो गई है। विरार में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की स्थापना की योजना है। इसके लिए 64 करोड़ 5 लाख 21 हजार रुपए की निधि को तत्काल प्रशासनिक मंजूरी देने की मांग वसई-विरार शहर महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटील ने राज्य के कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा से की है।

नई आईटीआई के लिए विरार में दो हेक्टेयर जमीन पहले ही संस्थान के प्राचार्य को हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अलावा, नवघर में 60 आर अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई गई है। प्रस्तावित परिसर में लगभग 9,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्रशासनिक भवन, आधुनिक कार्यशालाएं (वर्कशॉप), भंडारगृह, कैंटीन, छात्र छात्रावास और खेल केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

महापौर पाटील ने कहा कि वसई-विरार तेजी से औद्योगिक और शहरी विकास की ओर बढ़ रहा है। वहीं, वाढवण बंदरगाह और प्रस्तावित हवाई अड्डे से आने वाले वर्षों में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। ऐसे में स्थानीय युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण देना अत्यंत आवश्यक है। इस नई आईटीआई के शुरू होने से हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। इसी उद्देश्य से इस परियोजना को जल्द मंजूरी देने और आवश्यक निधि जारी करने की मांग की गई है।

Next Story