- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Mumbai: निकाय चुनाव की...
Mumbai: निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी महाराष्ट्र सरकार

मुंबई: महाराष्ट्र में निकाय चुनावों को लेकर तैयारियां तेज होती जा रही हैं। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने चुनावों के लिए आवश्यक मानव बल उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।
निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को चुनाव आयुक्त वाघमारे ने आयोग कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की की बैठक बुलाई थी. वाघमारे ने कहा कि निकाय चुनावों के लिए चुनाव निर्णय अधिकारी, सहायक चुनाव निर्णय अधिकारी और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। संबंधित विभागों को कुल मानवबल की उपलब्धता के बारे में सूचित किया जाना चाहिए। पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय पर निवारक उपाय करने चाहिए। आवश्यकतानुसार उड़न दस्ते, चेकपोस्ट, शिकायत निवारण केंद्र आदि की व्यवस्था की जानी चाहिए। सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा होनी चाहिए। आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी व्यवस्था का सतर्क रहना आवश्यक है। ध्यान ऱखा जाए कि कहीं भी कोई अप्रिय घटना न घटे। मुख्य सचिव राजेश कुमार ने कहा कि आयोग को चुनाव के लिए आवश्यक मानवशक्ति उपलब्ध कराई जाएगी। चुनाव निर्णय अधिकारियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभी से योजना बनाई जाएगी। कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भी आवश्यक सावधानियां बरती जाएंगी।
आयोग सचिव काकानी ने कहा कि राज्य के सभी 29 नगर निगमों, 246 नगर परिषदों, 42 नगर पंचायतों, 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। वार्ड गठन का कार्य पूरा हो चुका है। आरक्षण और मतदाता सूची कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई है। चुनाव के संबंध में विभिन्न आदेश भी जारी किए गए हैं। इस अवसर पर नगर विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. के.एच. गोविंदराज, वित्त विभाग के प्रधान सचिव सौरव विजय सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





