- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गैस पाइपलाइन लीक से...
गैस पाइपलाइन लीक से मचा हड़कंप, नागपुर-मुंबई हाईवे बंद, ट्रैफिक डायवर्ट

छत्रपति संभाजीनगर : समृद्धि महामार्ग पर गैस पाइपलाइन लीक होने से बड़ा खतरा पैदा हो गया है। गैस रिसाव के कारण इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नागपुर-मुंबई मार्ग पर यातायात बंद कर दिया है। घटना के बाद वाहन चालकों और आसपास के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।जानकारी के मुताबिक, यह घटना समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 451.2 के पास हुई। यहां सड़क किनारे से गुजर रही गैस पाइपलाइन में अचानक लीकेज हो गया, जिसके बाद बड़ी मात्रा में गैस का रिसाव शुरू हो गया।
सुरक्षा के लिए हाईवे पर रोकी गई आवाजाही
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नागपुर-मुंबई मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक को लासूर, हडस और पिंपलगांव टोल नाके के रास्ते डायवर्ट कर दिया है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
गैस लीकेज रोकने के लिए युद्धस्तर पर काम
घटना के बाद गैस पाइपलाइन की लीकेज को रोकने के लिए विशेषज्ञों की टीम युद्धस्तर पर काम कर रही है। मौके पर मौजूद अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता गैस रिसाव को जल्द से जल्द नियंत्रित करना और किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकना है।
वाहन चालकों में बढ़ी चिंता
गैस रिसाव और तेज दुर्गंध के कारण हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों में भय का माहौल बन गया। कई वाहन चालकों ने घटना के बाद सावधानी बरतते हुए अपने वाहन रोक दिए। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और गैस रिसाव को पूरी तरह बंद करने के प्रयास जारी हैं।





