- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- रायगढ़ में बनेगा...
रायगढ़ में बनेगा आयुर्वेदिक कैंसर अस्पताल, महाराष्ट्र सरकार ने दी स्टाम्प ड्यूटी में छूट

MUMBAI मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी राहत देते हुए रायगढ़ जिले में प्रस्तावित टाटा मेमोरियल सेंटर (TMC) के कैंसर अस्पताल के लिए 38.99 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी माफ कर दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह प्रस्ताव राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने रखा था। राज्य सरकार ने खालापुर तालुका के तंबटी गांव में 10 हेक्टेयर जमीन अस्पताल के लिए आवंटित की है। यह जमीन 30 साल के लिए मात्र ₹1 वार्षिक लीज पर दी गई है। यहां 100 बिस्तरों वाला इंटीग्रेटेड आयुर्वेदिक कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। अस्पताल में 12% बेड निर्धन परिवारों, सरकारी कर्मचारियों और आम जनता के लिए आरक्षित रहेंगे, जहां विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत रियायती दरों पर उपचार मिलेगा। प्रत्येक मरीज के लिए एक परिचर के ठहरने की सस्ती व्यवस्था भी की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल से महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ रहे कैंसर के मामलों से निपटने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सुलभ इलाज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह छूट महाराष्ट्र स्टाम्प अधिनियम के तहत दी गई है और विधि व न्याय विभाग की मंजूरी के बाद इसे राजपत्र में अधिसूचित किया जाएगा।राजस्व मंत्री बावनकुले ने कहा कि यह कदम टाटा मेमोरियल सेंटर के कैंसर देखभाल प्रयासों को मजबूती देगा और विभाग नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। टीएमसी अधिकारियों ने बताया कि यह अस्पताल खोपोली में इंटीग्रेटेड कैंसर केयर सेंटर के रूप में कार्य करेगा। यह खारघर स्थित एडवांस्ड सेंटर फॉर ट्रीटमेंट, रिसर्च एंड एजुकेशन इन कैंसर (ACTREC) से मात्र 40 मिनट की दूरी पर होगा। अस्पताल में आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा को मिलाकर उपचार किया जाएगा और औषधीय पौधों की खेती भी की जाएगी।





