- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मोमोज में रेंगते मिले...
मोमोज में रेंगते मिले कीड़े, उड़ गए ग्राहक के होश, सख्त कार्रवाई की मांग

मोमोज में रेंगते मिले कीड़े, उड़ गए ग्राहक के होश, सख्त कार्रवाई की मांग
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक रेस्टोरेंट में परोसे गए मोमोज के अंदर इल्लियां मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहक ने इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से करते हुए रेस्टोरेंट में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया।
मामला सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्निचर के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता दीपक मीणा का आरोप है कि वह शुक्रवार शाम अपने दोस्तों के साथ यहां नाश्ता करने पहुंचे थे। उन्होंने खाने के लिए मोमोज ऑर्डर किए, लेकिन प्लेट सामने आने के बाद जो दिखाई दिया उससे वे हैरान रह गए।
मोमोज के अंदर रेंगती दिखीं इल्लियां
दीपक मीणा के मुताबिक, मोमोज को देखने पर उसके अंदर इल्लियां रेंगती नजर आईं। इसके बाद उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और प्रबंधन से इसकी शिकायत की। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से सवाल किया तो कर्मचारी ने कहा कि मोमोज उनके यहां तैयार नहीं किए जाते हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस होने का भी आरोप है।
फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी कीड़े मिलने का दावा
मामला सामने आने के बाद ग्राहकों ने रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट को भी देखा। शिकायतकर्ता का दावा है कि वहां रखे अन्य मोमोज में भी इल्लियां दिखाई दीं। इसके बाद ग्राहकों ने फोटो और वीडियो बनाए और पूरे मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दी। शिकायत के साथ संबंधित फोटो, वीडियो और रेस्टोरेंट की लोकेशन भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है।
रेस्टोरेंट सील करने की मांग
दीपक मीणा ने अपनी शिकायत में रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। शिकायतकर्ता ने नियमों के उल्लंघन की स्थिति में प्रतिष्ठान को सील करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की जांच
सीनियर फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी के मुताबिक विभाग को मामले की शिकायत मिली थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया। जांच के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी के अनुसार, फिलहाल दुकानदार रेस्टोरेंट नहीं खोल रहा है और विभाग की ओर से नोटिस के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
जांच के बाद साफ होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल मोमोज में इल्लियां मिलने के आरोपों की विभागीय जांच चल रही है। रेस्टोरेंट प्रबंधन के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इस घटना ने इंदौर में रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता तथा गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।





