- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- "शुद्ध पेट्रोल...
"शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा", एथेनॉल पर जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान वायरल

रीवा : मध्य प्रदेश की रीवा लोकसभा सीट से BJP सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। रीवा एयरपोर्ट पर कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के शुभारंभ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण और शुद्ध पेट्रोल की मांग को लेकर मंच से टिप्पणी की। सांसद के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इस पर राजनीतिक और सार्वजनिक बहस शुरू हो गई है।
बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा मंच से भाषण देते एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह कहते दिख रहे हैं, "दुनिया में सर्वाधिक रोजगार (नौकरी नहीं) अगर कहीं उपलब्ध हो रहे हैं तो वह भारत है. आज सबसे कम महंगाई अगर किसी देश में है तो वह हिंदुस्तान है. पूरी दुनिया में महंगाई चरम पर है. आज देश आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहा है. हम 600 करोड़ के बम निर्यात करते हैं और 38 हजार करोड़ के हवाई सैन्य सामान निर्यात कर रहे हैं."
'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?'
रीवा सांसद ने आगे कहा, "गैस और तेल की बात है तो हमारे यहां केवल 20 फीसदी तेल होता है. 80 फीसदी हमें विदेश से लेना पड़ता है. इसमें लड़ाई छिड़ गई है. हॉर्मूज बंद है. 18 हजार किलोमीटर का चक्कर लगाकर देश को तेल पहुंचाया जा रहा है और जब PM मोदी कहते हैं कि 20 परसेंट इथेनॉल मिलाना पड़ेगा तो आंदोलन हो रहा है कि इथेनॉल नहीं चलेगा केवल शुद्ध पेट्रोल लाकर दो. शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या? शुद्ध पेट्रोल जब देश में है ही नहीं तो कहां से आएगा?"
'ब्राजील में 100 फीसदी इथेनॉल पर चलती है गाड़ी'
जनार्दन मिश्रा ने आगे कहा, "आज इथेनॉल का विरोध हो रहा है. ब्राजील 100 प्रतिशत इथेनॉल बना रहा है. पूरे ब्राजील की गाड़ियां इथेनॉल से चल रही हैं. ऑटोमोबाइल वाले कह रहे हैं कि हमारे पास इंजन है, कोई दिक्कत नहीं होगी. हिंदुस्तान में इथेनॉल से गाड़ी चलाने वाली क्षमता है. यहां की गाड़ियां भी इथेनॉल से चल सकती हैं, लेकिन लोग कहते हैं कि इथेनॉल न बनाओ. अगर इथेनॉल नहीं बनाएंगे तो पेट्रोल और डीजल कहां से आएगा?"
"शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा? देश में शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं तो कहां से आएगा?"BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का पूरा बयान सुनिए- pic.twitter.com/YVqrRKlGAu
— Akshay Pratap Singh (@AkshayPratap94) August 9, 2026
हालांकि, कार्यक्रम में सांसद के एथेनॉल और शुद्ध पेट्रोल से जुड़े बयान ने हवाई सेवा के शुभारंभ से ज्यादा सुर्खियां बटोर लीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग सांसद के बयान को एथेनॉल नीति के समर्थन के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने उनकी भाषा और बयान देने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
जनार्दन मिश्रा इससे पहले भी अपने अलग-अलग बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनके बयानों के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं और राजनीतिक बहस का हिस्सा बनते रहे हैं। इस बार भी उनके बयान को लेकर विपक्ष और सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना है।
फिलहाल, एथेनॉल मिश्रण को लेकर सांसद का बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, रीवा से शुरू हुई नई हवाई सेवा को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में सांसद के इस बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिल सकती है।





