मध्य प्रदेश

Shahdol : कोदो खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार

Sarita
7 Feb 2026 10:36 AM IST
Shahdol  : कोदो खाने के बाद  एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार
x
Shahdol शहडोल: सोहागपुर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत खम्हरिया कला में शुक्रवार को कोदो का चावल खाने से एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार पड़ गए। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने सभी को तत्काल जिला चिकित्सालय शहडोल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद भर्ती कर उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से किसी भी तरह की गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है और सभी की हालत में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे ग्राम खम्हरिया कला निवासी रानी बैगा (18 वर्ष) ने घर में भोजन के लिए कोदो का चावल और आलू-टमाटर की सब्जी बनाई थी। इस भोजन को रानी बैगा, उसका भाई राजेश बैगा और दादा कुल्लू बैगा (60 वर्ष) ने एक साथ खाया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद तीनों को अचानक उल्टियां होने लगीं, साथ ही घबराहट और तेज पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई।
परिजनों ने जब उनकी हालत बिगड़ती देखी तो बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला चिकित्सालय में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों को भर्ती कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, संभवतः कोदो के चावल में किसी प्रकार का विषाक्त तत्व या फंगल संक्रमण होने के कारण यह स्थिति बनी। हालांकि समय पर उपचार मिलने से मरीजों की जान को कोई खतरा नहीं है।
Next Story