मध्य प्रदेश

Sehore: गणेश चतुर्थी का उत्साह, गणेश मंदिर में उमड़ी भारी भीड़

Sarita
28 Aug 2025 9:54 AM IST
Sehore: गणेश चतुर्थी का उत्साह, गणेश मंदिर में उमड़ी भारी भीड़
x
Sehore सीहोर: सीहोर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बुधवार को सीहोर का प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन की गूंज और भक्तों के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। दोपहर 12 बजे विशेष अनुष्ठान के साथ महाआरती की गई, जिसमें जिले के साथ-साथ भोपाल, इंदौर, विदिशा, राजगढ़ और रायसेन से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
महाआरती के साथ ही 10 दिवसीय गणेश उत्सव मेले का भी शुभारंभ हो गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। दिन भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। यह मंदिर अपनी अनूठी मान्यताओं और चमत्कारी शक्तियों के लिए जाना जाता है, यही वजह है कि गणेश चतुर्थी पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
मंदिर में सैकड़ों वर्षों से एक विशेष परंपरा भी चली आ रही है। भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना से मंदिर की पिछली दीवार पर उल्टा स्वस्तिक बनाते हैं। जब उनकी मनोकामना पूरी हो जाती है, तो वे वापस आकर उसी स्वस्तिक को सीधा कर देते हैं। यह परंपरा आज भी भक्तों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है।
भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात योजना लागू की है। गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। छोटे वाहनों को मंदिर से 100 मीटर दूर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क करने की व्यवस्था की गई है। मंत्री पेट्रोल पंप, शुगर फैक्ट्री चौराहा और मंडी विश्राम गृह सहित कई स्थानों पर पुलिस प्वाइंट बनाए गए हैं। सीएसपी अभिनंदन शर्मा ने बताया कि सुरक्षा और व्यवस्था के लिए करीब 150 पुलिसकर्मी तैनात हैं। यह यातायात योजना अनंत चतुर्दशी तक लागू रहेगी।
Next Story