- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Omkareshwar:गणपति...
मध्य प्रदेश
Omkareshwar:गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 14 श्रद्धालु हुए घायल
Sarita
6 Sept 2025 8:44 AM IST

x
Omkareshwar ओंकारेश्वर: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार दोपहर हुए एक भीषण हादसे में 14 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने ओंकारेश्वर आए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जिले खरगोन के भीकनगांव थाना अंतर्गत मोहनपुर गांव से करीब 30 से 40 श्रद्धालु एक पिकअप वाहन में सवार होकर यहां आए थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरा यह पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर शंकराचार्य प्रतिमा स्थल जाने वाली सड़क पर पलट गया। इस हादसे में करीब 14-15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और चारों ओर घायलों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। इसी बीच राहगीरों ने तुरंत मदद शुरू की और मांधाता थाने को सूचना दी गई। वहीं, कुछ ही देर में मौके पर पहुंची राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी श्रद्धालुओं को पिकअप से बाहर निकाला गया। इस दौरान घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे, जिन्हें मौके पर पहुंचे तहसीलदार उदय मंडलोई और ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों ने ओंकारेश्वर सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. रवि वर्मा ने गंभीर घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं पिकअप सवार कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं। इधर, हादसे और गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजने की जानकारी मिलते ही अस्पताल स्टाफ ने भी तुरंत मरीजों के इलाज की तैयारी शुरू कर दी। यहां घायलों के लिए अलग से इमरजेंसी वार्ड तैयार किया गया। घायलों के जिला अस्पताल पहुंचते ही खंडवा एसडीएम बजरंग बहादुर, तहसीलदार महेश सोलंकी और जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल भी घायलों का हाल जानने ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Next Story





