- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP Weather : रिकॉर्ड...
मध्य प्रदेश
MP Weather : रिकॉर्ड शीतलहर, ग्वालियर-चंबल में कोहरा छाने के आसार
Sarita
15 Dec 2025 9:11 AM IST

x
MP Weather : इस दिसंबर में भोपाल, इंदौर और राजगढ़ जिलों में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। इन शहरों में 6 दिसंबर से ही शीतलहर का असर महसूस किया जा रहा है। पिछले पांच सालों में ऐसी स्थिति नहीं बनी थी। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले एक-दो दिनों में शीतलहर से कुछ राहत मिलने का अनुमान लगाया है, लेकिन कड़ाके की ठंड जारी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, ऐसा राजस्थान से आने वाली ठंडी और सूखी हवाओं के लगातार बहाव के कारण हो रहा है। रविवार को राजगढ़ में रात का सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में भी शीतलहर का असर देखा गया। इस बीच, 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। रीवा में सुबह न्यूनतम विजिबिलिटी 50 मीटर थी। सतना, सीधी, ग्वालियर और दतिया जिलों में भी विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर के बीच रही। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। जेट स्ट्रीम हवाएं उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 176 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। 17 दिसंबर की रात से हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
Next Story





