मध्य प्रदेश

MP Weather : बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, 3 डिग्री तक गिरा पारा

Sarita
11 Dec 2025 9:36 AM IST
MP Weather : बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, 3 डिग्री तक गिरा पारा
x
MP Weather: मध्य प्रदेश में दिसंबर की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिमालयी इलाकों में लगातार एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और उत्तरी हिस्सों में जेट स्ट्रीम की वजह से पूरे राज्य में तापमान तेज़ी से गिर रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 13 दिसंबर से एक और नया सिस्टम बन रहा है, जिससे अगले कई दिनों तक लगातार ठंडी और बर्फीली हवाएं चलेंगी। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को भोपाल में लगातार छठे दिन भी कोल्ड वेव जारी रही। मलाजखंड में पारा 22.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि नरसिंहपुर, रीवा, सीधी, बैतूल और धार में तापमान 26 डिग्री से नीचे रहा। मंगलवार-बुधवार की रात कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। इंदौर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि भोपाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 9.3 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 8.7 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, शहडोल का कल्याणपुर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां इस सीजन में पहली बार तापमान 3 डिग्री तक गिरा। उमरिया में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी और राजगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रीवा में 5.8 डिग्री सेल्सियस, मलाजखंड में 6.7 डिग्री सेल्सियस, मंडला और नौगांव में 7 डिग्री सेल्सियस, रायसेन में 7.4 डिग्री सेल्सियस, छिंदवाड़ा में 7.8 डिग्री सेल्सियस और शिवपुरी में 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल ने इस नवंबर में 84 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। लगातार 15 दिनों तक शीतलहर चली, जिसमें एक रात तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इंदौर में भी 25 साल में सबसे ठंडा तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह सिलसिला दिसंबर में भी जारी रहा, जिसमें कई शहरों ने पिछले 10 सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राज्य में दिसंबर और जनवरी में ठंडी हवाओं का सबसे ज्यादा असर होता है। जनवरी में 20 से 22 दिनों तक शीतलहर चलने की उम्मीद है।
Next Story