मध्य प्रदेश

MP Weather: चक्रवाती हवाओं के कारण भारी बारिश और तूफान, अलर्ट जारी

Sarita
29 Oct 2025 8:21 AM IST
MP Weather: चक्रवाती हवाओं के कारण भारी बारिश और तूफान, अलर्ट जारी
x
MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। अरब सागर में सक्रिय अवदाब, एक द्रोणिका रेखा और उत्तरी क्षेत्र में एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटे जारी हैं। मंगलवार को सात जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि भोपाल और इंदौर में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने बुधवार को श्योपुर और मुरैना समेत 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अरब सागर में सक्रिय अवदाब मध्य प्रदेश के पास से गुजरने वाली द्रोणिका रेखा को प्रभावित कर रहा है। उत्तर भारत पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण भी बारिश बढ़ रही है। इस बीच, चक्रवात 'मोंठ' के कारण तेज आंधी का असर महसूस किया जा रहा है। अगले 24 घंटों में इस प्रणाली का प्रभाव तेज होने की उम्मीद है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, अगले चार दिनों तक राज्य में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
विभाग ने चेतावनी जारी की है कि श्योपुर, मुरैना, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बाकी इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। सिस्टम के सक्रिय होने से मंगलवार को बैतूल, धार, रतलाम, मुरैना, ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, रीवा और उमरिया जिलों में बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में तेज आंधी चली। कई जगहों पर फसलों को नुकसान की भी खबरें हैं।29 से 31 अक्टूबर तक कई जिलों में तेज वर्षा की संभावना बनी रहेगी, जिसमें 30 अक्टूबर को सिस्टम का असर चरम पर रहेगा।
Next Story