मध्य प्रदेश

MP News: अनियंत्रित ट्रक ने मवेशियों को रौंदा, दो की मौत

Sarita
16 Oct 2025 8:58 AM IST
MP News:  अनियंत्रित ट्रक ने मवेशियों को रौंदा, दो की मौत
x
MP News: पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर खमतरा गाँव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। कृषि उपकरणों से भरा एक तेज़ रफ़्तार ट्रक अचानक सड़क किनारे चल रहे मवेशियों से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया।प्रत्यक्षदर्शी आनंद रजक के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP-15 G-3867 तेज़ गति से कटनी की ओर जा रहा था, तभी अचानक कुछ मवेशी सड़क पर आ गए। चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज़ गति के कारण नियंत्रण खो बैठा। ट्रक तेज़ी से मवेशियों से टकराकर सड़क किनारे पलट गया।
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल होकर सड़क पर तड़प रहा था। ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल होकर केबिन में फँस गया, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घटना के बाद पन्ना-कटनी मार्ग पर यातायात कुछ देर के लिए पूरी तरह बाधित रहा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुँच गए। पुलिस को भी तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद अमझरा चौकी पुलिस दल ने पहुँचकर स्थिति को नियंत्रण में किया।
पुलिस ने घायल चालक को 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जबकि मृत मवेशियों को सड़क से हटाकर रास्ता साफ किया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से सीधा किया गया।ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर तेज़ रफ़्तार वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिससे अक्सर दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गति नियंत्रण संकेतक लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की माँग की है। यह दुर्घटना न केवल चालकों की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था की खामियों की ओर भी इशारा करती है।
Next Story